Move to Jagran APP

धृतराष्ट्र बन गए हैं केजरीवाल: मनोज तिवारी

दिल्लीवासी चार माह से पानी की किल्लत एवं दो माह से बिजली कटौती से परेशान हैं लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल धृतराष्ट्र की तरह इससे आंखें मूंदे हुए हैं।

By JagranEdited By: Updated: Sun, 01 Jul 2018 09:15 PM (IST)
Hero Image
धृतराष्ट्र बन गए हैं केजरीवाल: मनोज तिवारी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्लीवासी चार माह से पानी की किल्लत एवं दो माह से बिजली कटौती से परेशान हैं, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल धृतराष्ट्र की तरह जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। उक्त बातें दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहीं। वह राजघाट के समीप दिल्ली में पूर्ण बिजली एवं पूर्ण पानी की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के धरने को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल इतने असंवेदनशील हैं कि वह धृतराष्ट्र की तरह सिर्फ उतना देखते हैं, जितना उनको सुहाता है। उन्हें अपनी पार्टी की अकर्मण्यता एवं भ्रष्टाचार नजर नहीं आता है। शर्म की बात है कि आज अनधिकृत कॉलोनियों व झुग्गी बस्तियों के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। दिल्ली में पानी के लिए हत्याएं हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने बिजली वितरण कंपनियों के खातों के ऑडिट कराने के बाद बिजली की दरें आधी करने का वादा किया था, लेकिन तीन वर्ष बाद भी बिजली की दरों में एक फीसद तक की कटौती नहीं हुई है। केवल वर्ग विशेष के समुदाय को खुश करके सब्सिडी का खेल खेला गया और लोड सरचार्ज के नाम पर 800 करोड़ का घोटाला किया है।

प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पानी माफ और बिजली हाफ के नाम पर सब्सिडी का छलावा किया है। प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल ने कहा कि बिजली-पानी के संकट के समाधान के लिए केजरीवाल सरकार में इच्छाशक्ति का अभाव है। धरने से पूर्व दिल्ली भाजपा के नेताओं ने महात्मा गांधी की समाधि पर केजरीवाल की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना भी की। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं निगम के नेता भी मौजूद रहे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।