Move to Jagran APP

फंदे पर लटकने से हुई थी सभी 11 लोगों की मौत

-पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने दिए सभी के फंदे पर लटकने से मरने के संकेत -सभी शवों का ि

By JagranEdited By: Updated: Mon, 02 Jul 2018 09:07 PM (IST)
Hero Image
फंदे पर लटकने से हुई थी सभी 11 लोगों की मौत

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :

बुराड़ी के संत नगर स्थित एक परिवार के 11 सदस्यों की मौत के मामले में पोस्टमार्टम से पर्दाफाश हुआ है कि उनके फंदे पर लटकने से ही मौत हुई थी। घर की बुजुर्ग महिला का शव एक कमरे में पड़ा मिलने से आशंका थी कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई है, किंतु पोस्टमार्टम में उनकी मौत भी फंदे पर लटकने से ही होने की पुष्टि हुई है।

संयुक्त आयुक्त क्राइम ब्रांच आलोक कुमार के मुताबिक तीन-तीन डॉक्टरों की दो मेडिकल बोर्ड द्वारा मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में 11 शवों का पाोस्टमार्टम किया गया। छह का पोस्टमार्टम रविवार रात ही करवा दिया गया था जबकि पांच अन्य का सोमवार को करवाया गया। डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया सभी की मौत फंदे पर लटकने की वजह से ही होने के मौखिक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच डॉक्टरों से जल्द ही रिपोर्ट प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद सभी 11 शवों को निगम बोध घाट ले जाया गया। वहां पहले से पुलिस ने अंतिम संस्कार के सारे बंदोबस्त कर रखे थे। सभी शवों का वहां शाम को अंतिम संस्कार करवा दिया गया।

एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने केस को रविवार शाम ही क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया था। अब क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच को कमरे की जांच में कई रजिस्टर व अन्य साक्ष्य मिले हैं, जिनमें लिखी बातों से पुलिस इस नतीजे पर पहुंच चुकी है कि यह सब तंत्रमंत्र के चक्कर में ही हुआ है। मोक्ष प्राप्ति के लिए सभी ने बरगद पेड़ बनकर साधना करने की कोशिश की थी। सभी भगवान में लीन हो गए थे। उनके मन में आत्म विश्वास था कि फंदे पर लटने से उनकी मौत नहीं होगी। भगवान प्रकट होकर उन्हें बचा लेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और सभी की जान चली गई।

हालांकि परिजनों को अब भी यह विश्वास नहीं हो रहा है कि 11 लोगों ने खुदकशी की है। घटना में मरने वाली घर की बुजुर्ग महिला नारायण देवी की बड़ी बेटी सुजाता व बड़े बेटे दिनेश का कहना है कि सभी 11 लोगों की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस पर मामले की लीपापोती करने के आरोप लगाए।

पोस्टमार्टम से भले ही सभी की फंदे से लटकने से मौत की पुष्टि हो गई हो। लेकिन, क्राइम ब्रांच मृतकों के घर से मिले रजिस्टर व अन्य सामानों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं मरने वाले सभी लोग किसी तांत्रिक के वश में तो नहीं थे? किसी तात्रिक का कहना मानते थे? उनके कहने पर ही सभी ने मोक्ष के लिए ऐसा तरीका अपनाया। इसके लिए पुलिस घर से बरामद सात मोबाइल फोन व एक टैब की जांच कर रही है। घर के सभी सामानों की तलाशी के दौरान पुलिस को फोन व टैब टेबल के ड्रावर में मिले। सभी फोन को मरने से पहले बंद कर दिया गया था। क्राइम ब्रांच यह भी पता लगा रही है कि कहीं मरने वाले सदस्य इंटरनेट के जरिये आध्यात्म से जुड़ी चीजें निकाल उसका अनुकरण तो नहीं करता था। क्राइम ब्रांच को एक तांत्रिक जाने गदा बाबा के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस उसके बारे में भी जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।