Move to Jagran APP

पीएम व सीएम को पौधे भेजकर कांग्रेस जताएगी विरोध

दक्षिणी दिल्ली में पेड़ काटे जाने के विरोध में कांग्रेस ने पेड़ बचाओ मुहिम की शुरुआत की है।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 02 Jul 2018 09:02 PM (IST)
Hero Image
पीएम व सीएम को पौधे भेजकर कांग्रेस जताएगी विरोध

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली में पेड़ काटे जाने के विरोध में कांग्रेस ने पेड़ बचाओ मुहिम की शुरुआत की है। इसके तहत दिल्ली महिला कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पौधे भेजकर रोष प्रकट करेगी। पौधे के साथ उन्हें पत्र भेजकर दिल्ली के पर्यावरण को बचाने की मांग भी की जाएगी।

दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि नौरोजी नगर, नेताजी नगर में पेड़ काटे जाना दिल्ली के पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है इसलिए प्रधानमंत्री, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री व अन्य मंत्रियों के साथ ही पेड़ काटने की प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों को पौधे भेजकर विरोध जताया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली के एक हजार लोगों को भी पौधे भेजकर उनसे पेड़ बचाने की अपील की जाएगी। वह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट की रोक के बावजूद पेड़ काटे गए हैं इसलिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। केंद्र और दिल्ली सरकार ने मिलकर 14 हजार से ज्यादा पेड़ों को काटने का निर्णय लिया है और अब एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नियंत्रण एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार 2017 में दिल्ली में वन क्षेत्र 123 वर्ग किमी था, जो अब घटकर 113 वर्ग किमी रह गया है। इतनी संख्या में पेड़ों की कटाई दुर्भाग्यपूर्ण है। पूरी दुनिया में पर्यावरण के अनुकूल विकास की बात हो रही है, लेकिन दिल्ली में पुनर्विकास के नाम पर पेड़ काटे जा रहे हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।