Move to Jagran APP

अब ऑनलाइन देखें कब आएगा डीबीसी कर्मी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली में डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनियां का प्रकोप मानसून की बारिश

By JagranEdited By: Updated: Thu, 28 Jun 2018 09:20 PM (IST)
Hero Image
अब ऑनलाइन देखें कब आएगा डीबीसी कर्मी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली में डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनियां का प्रकोप मानसून की बारिश के बाद बढ़ने की पूरी संभावना है, ऐसे में समस्या ज्यादा न बढ़े इसके लिए दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने सभी डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर (डीबीसी) की जानकारी ऑनलाइन वेबसाइट पर जारी कर दी है। अब कोई भी नागरिक अपने घर पर आने वाले डीबीसी वर्कर का नाम और जानकारी ले सकता है।

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के डिप्टी कमिश्नर प्रेम शंकर झा ने बताया कि अक्सर यह शिकायतें आती हैं कि लोग डीबीसी वर्कर को घर में प्रवेश नहीं करने देते हैं। लोगों को डर रहता है कि डीबीसी वर्कर के नाम पर कोई दूसरा व्यक्ति प्रवेश न कर ले। इसके लिए हमने तीन हजार डीबीसी वर्करों को पहचान-पत्र भी जारी किए हैं। इसके साथ ही अब निगम की वेबसाइट पर जानकारी डाल दी गई है कि कौन सा डीबीसी वर्कर कब घर पर लार्वा की जांच करने आएगा। वेबसाइट पर डीबीसी वर्कर का मोबाइल नंबर भी है। लोग सही व्यक्ति की पुष्टि के लिए मोबाइल नंबर पर कॉल करके सही डीबीसी वर्कर की भी पहचान कर सकते हैं। इसमें पूरा डाटा वार्ड अनुसार निगम की वेबसाइट पर है। वेबसाइट खोलते ही इसका लिंक स्वत: सामने आ जाएगा। इस पर क्लिक के जरिये यह जानकारी हासिल की जा सकती है।

डीबीसी कर्मचारी के जरिये जागरूकता है अहम उद्देश्य

निगम के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार डीबीसी वर्कर की ऑनलाइन जानकारी होने से लोगों को डीबीसी वर्कर के आने की तारीख का पता चल जाएगा। जांच के डर से लोग खुद भी अपने घरों की सफाई कर लेंगे। इस सफाई से निगम को मच्छर जनित बीमारियों से लड़ने में मदद मिलेगी। अधिकारी ने बताया कि हमारा उद्देश्य डीबीसी वर्करों की मदद से मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए जनता को जागरूक करना है। लेकिन दो से ज्यादा बार अगर मच्छरों के प्रजनन का लार्वा मिलता है तो व्यक्ति और संस्थान के खिलाफ एफआइआर कराई जाएगी।

निजी से सरकारी स्कूलों तक के निरीक्षण का प्रथम चरण पूरा

निगम के मुताबिक डेंगू-मलेरिया एवं चिकनगुनिया से बचाव के लिए निजी से सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस निरीक्षण का प्रथम चरण पूरा कर लिया गया है। इसमें 1361 निजी एवं सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया जा चुका है। वहीं, 48 निजी कोचिंग सेटर, 870 धार्मिक स्थल और 208 निजी एवं सरकारी अस्पताल व डिस्पेंसरियों का निरीक्षण का कार्य पूरा हो चुका है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।