रोशनआरा क्लब में 750 लाइफटाइम मेंबरशिप का मौका, 12.50 लाख तक शुल्क; 28 अगस्त से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
डीडीए ने एलजी तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर रोशनआरा क्लब में 750 आजीवन सदस्यता सीटों की योजना शुरू की ...और पढ़ें

रोशनआरा क्लब। सौजन्य- डीडीए
HighLights
डीडीए ने रोशनआरा क्लब में 750 आजीवन सदस्यता सीटें खोलीं।
पंजीकरण 28 अगस्त 2026 से 27 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन होगा।
क्लब में खेल, फिटनेस और मनोरंजन की व्यापक सुविधाएं उपलब्ध।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) एलजी तरनजीत सिंह संधू के निर्देशानुसार रोशनआरा क्लब में 750 आजीवन सदस्यता सीटों की योजना शुरू कर रहा है। इसके लिए आनलाइन पंजीकरण 28 अगस्त 2026 से 27 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा।
कुल 750 सीटों में 400 गैर-सरकारी और 350 सरकारी/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) श्रेणी के लिए हैं। गैर-सरकारी श्रेणी में सदस्यता शुल्क 12.50 लाख रुपये, जबकि सरकारी/पीएसयू श्रेणी में चार लाख रुपये है। दोनों पर लागू जीएसटी अतिरिक्त होगा।
सदस्यों को ये सुविधाएं मिलेंगी
सदस्यों को क्लब में खेल, फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत सुविधाएं मिलेंगी। इनमें क्रिकेट की मुख्य एवं अभ्यास पिच, टेनिस, स्क्वैश, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, पिकलबाल, स्विमिंग पूल, टॉडलर्स पूल, मल्टी-जिम, फिटनेस सेंटर और योग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
विभिन्न खेलों में प्रशिक्षित कोच से प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। क्रिकेट मैदान को मैचों, टूर्नामेंट और खेल या कॉरपोरेट आयोजनों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
क्लब हाउस में लाउंज, रेस्टोरेंट, कैफे एवं डाइनिंग एरिया, बार, बैंक्वेट सुविधाएं, किड्स जोन, बिलियर्ड्स और कार्ड रूम जैसी सामाजिक एवं मनोरंजन सुविधाएं भी हैं। इनका उपयोग निर्धारित उपनियमों और शुल्क के अनुसार किया जा सकेगा।
दिल्ली की खेल विरासत से जुड़ा है क्लब
इच्छुक आवेदक 28 अगस्त की रात 12 बजे से 27 अक्टूबर की रात 11:59 बजे तक डीडीए के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण और शुल्क भुगतान कर सकेंगे। करीब 22 एकड़ में फैला रोशनआरा क्लब दिल्ली की खेल विरासत से जुड़ा है। इसे भारतीय क्रिकेट के शुरुआती इतिहास और बीसीसीआई की स्थापना से जुड़ी विरासत के लिए जाना जाता है।
डीडीए ने 29 सितंबर 2023 को क्लब का विधिवत अधिग्रहण किया था। डीडीए के मुताबिक, नई सदस्यता योजना का उद्देश्य खेल और मनोरंजन सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाना तथा दिल्लीवासियों के लिए बेहतर ‘ईज आफ लिविंग’ को बढ़ावा देना है।
