Move to Jagran APP

शिमला से भी ठंडी हुई दिल्ली, 2.6 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली शनिवार को शिमला से भी अधिक ठंडी हो गई। न्यूनतम तापमान

By JagranEdited By: Updated: Sat, 29 Dec 2018 08:46 PM (IST)
Hero Image
शिमला से भी ठंडी हुई दिल्ली, 2.6 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली शनिवार को शिमला से भी अधिक ठंडी हो गई। न्यूनतम तापमान ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। जहां, शिमला का न्यूनतम तापमान शनिवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं दिल्ली में यह 2.6 पहुंच गया। मौसम विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पिछले आठ साल में पहली बार 29 दिसंबर को इतनी अधिक ठंड महसूस हुई। वहीं, इससे पहले 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान 2014 में 28 दिसंबर को दर्ज किया गया था।

शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम के साथ 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 और न्यूनतम 45 फीसद दर्ज हुआ। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 2, पूसा में 2.4, लोदी रोड में 2.5, जाफरपुर में 3 और मुंगेशपुर में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को शीतलहर चलने की उम्मीद है। सुबह कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसलिए तापमान में आ रही गिरावट

स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली में बीते एक हफ्ते से न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज नहीं हुआ है। इसका कारण है कि दिल्ली में इस साल दिसंबर के आखिरी हफ्ते में ज्यादा कोहरा एवं बादल नहीं छाए। उन्होंने कहा कि सूरज की किरणों से पृथ्वी की सतह गर्म होती है और उसमें ऊर्जा पहुंचती है। रात के समय यह ऊर्जा पृथ्वी की सतह से निकलकर ऊपर आसमान की तरफ जाती है। बादल व कोहरा छाने की स्थिति में यह ऊर्जा आसमान की ओर न जाकर बीच में ही कैद हो जाती है, जिससे तापमान कम दर्ज नहीं होता है। जबकि, इस समय बादल न छाने के कारण यह ऊपर आसमान की तरफ पहुंच रही है। लिहाजा, तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही ह । आगे ऐसा रहेगा मौसम

महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में एक बार फिर ठंडी हवा चल सकती है। जनवरी की शुरुआत में एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दस्तक देगा, जिससे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। साथ ही हवा की दिशा बदलकर पूर्वी दिशा से चलने लगेंगी। 24 एवं 25 दिसंबर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचा था, जिसके बाद से कोई दूसरा पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है। इस कारण भी लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवा दिल्ली की तरफ चल रही है। 29 दिसंबर का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

साल अधिकतम न्यूनतम

2011 24 7

2012 19 9

2013 20 5

2014 18 5

2015 25 11

2016 25 8

2017 25 7

2018 20 2.6

(मौसम विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार) दिसंबर माह में कब पहुंचा सबसे कम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

साल न्यूनतम तारीख

2013 2.4 30 दिसंबर

2014 2.6 28 दिसंबर

2015 5 20 दिसंबर

2016 6.6 19 दिसंबर

2017 6.3 24 दिसंबर

2018 2.6 29 दिसंबर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।