Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पहाड़ों की बर्फीली हवाओं से मैदानी इलाकों में माइनस में पहुंचा तापमान, दिल्ली में आज से 3 दिन तक चलेगी शीतलहर

Weather Forecast Update पहाड़ों की बर्फीली हवाओं से आज समूचे उत्तर भारत में शीतलहर चलने वाली है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के दायरे में आ गया। अगले तीन दिन कड़ाके की यही ठंड बने रहने और शीत लहर भी चलने के आसार हैं।

By sanjeev GuptaEdited By: GeetarjunUpdated: Mon, 16 Jan 2023 08:06 AM (IST)
Hero Image
पहाड़ों की बर्फीली हवाओं से कांपा मैदान, माइनस में पहुंचा तापमान; दिल्ली में अब चलेगी शीतलहर

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पहाड़ों की बर्फीली हवाओं से समूचे उत्तर भारत में कंपकपी छूट गई है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के दायरे में आ गया। दिल्ली समेत उत्तर भारत में अगले तीन दिन के दौरान कड़ाके की ठंड बने रहने और शीत लहर भी चलने के आसार हैं। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले पश्चिमी विक्षोभ से अब कुछ राहत मिलेगी, उससे पहले नहीं।

रविवार राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। चुरू में यह शून्य से 2.5 डिग्री नीचे जबकि पंजाब के फरीदकोट में शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में कहां कितना रहा तापमान?

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शीतलहर के चलते के जाफरपुर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 3.8 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 3.0 डिग्री सेल्सियस और रिज में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र उजवा का तापमान

मौसम विभाग की वेबसाइट पर दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली में स्वचालित मौसम केंद्र उजवा का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने ट्वीट करके यह आंकड़ा साझा किया। हालांकि, मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह कहते हुए कि उजवा स्थित स्वचालित मौसम यंत्र "काम नहीं कर रहा है", इसकी पुष्टि करने से इन्कार कर दिया।

दिन में धूप खिलने से मिली राहत

दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि हवा में नमी का स्तर 31 से 81 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। दिन के समय तेज धूप भी खिली, जिससे लोगों को कुछ राहत भी मिली।

ये भी पढ़ें- Delhi Weather Update: दिल्ली में 4.7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान, मौसम विभाग ने की घने कोहरे की भविष्यवाणी

उत्तर भारत के राज्यों में कहां रहा कम तापमान

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा और गुरदासपुर में क्रमश: 4.9, 4.2, 8, 1 और 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो शनिवार की तुलना में आधा डिग्री कम है। सीमांत जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो एक रात पहले की तुलना में पांच डिग्री सेल्सियस कम है। यह जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- Delhi NCR: निर्माण कार्य, खनन पर लगी रोक हटी, वायु गुणवत्ता सुधरते ही हटे GRAP के तीसरे चरण के प्रतिबंध

तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में चार से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सभी जगह रविवार को शीत लहर से लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति भी बनी रही।

अभी और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग ने कहा कि 16-18 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शीतलहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति बनने की संभावना है।

दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट

वहीं दिल्ली में 21 जनवरी तक येलो अलर्ट किया गया है। सोमवार से बुधवार तक शीत लहर का येलो अलर्ट है जबकि 19 से 21 के दौरान घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जहां तक सोमवार का पूर्वानुमान है तो सुबह हल्का कोहरा हो सकता है। दिन में आसमान साफ रहेगा। कुछ जगह शीत लहर चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और तीन डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर