Move to Jagran APP

जलस्तर बढ़ने से यमुना के तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा

जेएनएन, फरीदाबाद : हथिनीकुंड से छोड़े गए पानी के कारण जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाढ़ क

By JagranEdited By: Updated: Mon, 30 Jul 2018 08:35 PM (IST)
Hero Image
जलस्तर बढ़ने से यमुना के तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा

जेएनएन, फरीदाबाद : हथनीकुंड से छोड़े गए पानी के कारण जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाढ़ की आश्ाका से तटीय इलाकों में खौफ का माहौल है। फरीदाबाद, पलवल और सोनीपत में कई गांव और यमुना की तलहटी में बसीं अवैध कॉलोनियां इसकी चपेट में हैं। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और आवश्यक निर्देश दिए।

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में गांव लतीपुर और छांयसा पंचायती झुग्गी पर खतरा ज्यादा मंडरा रहा है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों के निवासियों को अस्थाई शिविरों में ठहराने का प्रबंध किया है। गांव साहुपुरा, अरुआ, चांदपुर, फैजपुर खादर, मोठूका में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को एसडीएम राजेश कुमार ने इन गांवों के ग्रामीणों को बुला कर बैठक ली और बाढ़ से बचाव के साधनों को लेकर चर्चा की। फरीदाबाद में दिल्ली से सटी अवैध कॉलोनियों में बाढ़ का खतरा देखते हुए प्रशासन ने इन्हें खाली कराना शुरू कर दिया है। लोगों को अस्थाई शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।

पलवल में रविवार को नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। यमुना में जहां पहले करीब 800 क्यूसिक पानी था, अब 60 हजार क्यूसिक पानी हो गया है। जल स्तर बढ़ने से बाहर निकलकर हसनपुर क्षेत्र के गांवों फाटनगर, टप्पा बिल्लोचपुर, मोहबलीपुर, रहीमपुर, गुरवाड़ी, प्रहलादपुर, बागपुर, शेखुपर, माहौली, बली मोहम्मदपुर, मुर्तजाबाद, हसनपुर के अलावा कई गावों के खेतों में घुस गया। उपायुक्त मनीराम शर्मा ने जिला के सभी अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए हैं। गांव थंथरी, गुरवाड़ी, रहीमपुर, खटका, इंद्रानगर में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। इन गांवों में पुलिस गश्त जारी रखने और गोताखोरों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

सोनीपत में गांव बेगा, चंदौली, पबनेरा, मीमारपुर, गढ़ मिर्कपुर, जगदीशपुर, जाजल, झुंडपुर, दहिसरा, बड़ौली, खुर्रमपुर, भैरा बांकीपुर, गढ़, बसौदी, घसौली व गयासपुर आदि के किसानों की जमीन यमुना के साथ लगती है। यमुना का जल स्तर बढ़ने से अधिकांश गांव की सैकड़ों एकड़ खेत पानी में डूब गई है। यहां भी पल पल नजर रखी जा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।