Move to Jagran APP

भूजल सेअमोनिया को शोधित कर होगी पेयजल आपूर्ति

-शकरपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लगाया गया अमोनिया शोधन संयंत्र -मुख्यमंत्री अरविंद केज

By JagranEdited By: Updated: Sat, 29 Dec 2018 08:08 PM (IST)
Hero Image
भूजल सेअमोनिया को शोधित कर होगी पेयजल आपूर्ति

-शकरपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लगाया गया अमोनिया शोधन संयंत्र

-मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया निरीक्षण

फोटो-29डीईएल-602

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

यमुना में प्रदूषण के कारण आसपास का भूजल भी दूषित हो चुका है। भूजल में अमोनिया की मात्रा अधिक होने से राजधानी में जल बोर्ड के सात रेनी वेल व 105 से अधिक ट्यूबवेल लंबे समय से बंद पड़े हैं। इसके मद्देनजर जल बोर्ड ने शकरपुर में पायलट परियोजना के रूप में एक अमोनिया शोधन संयंत्र लगाया है। जो पानी से अमोनिया के शोधन में सक्षम है। शोधन के बाद पानी पीने योग्य हो जाएगा। शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संयंत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इस तकनीक का इस्तेमाल कर दिल्ली में बंद पड़े सभी रेनी वेल व ट्यूबवेल को दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया। इसलिए आने वाले दिनों में इस संयंत्र से भूजल को शोधित कर पेयजल के लिए आपूर्ति की जाएगी।

जल बोर्ड के अनुसार इस तकनीक के इस्तेमाल से दिल्ली में पेयजल आपूर्ति बढ़ेगी। इससे पूर्वी दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के लोगों को अधिक फायदा होगा। क्योंकि इन्हीं इलाकों में ज्यादा ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। जबकि पूर्वी दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में भूजल स्तर काफी ऊपर है। पूर्वी दिल्ली में 25 से ज्यादा व दक्षिणी दिल्ली में करीब 80 ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। इस वजह से गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने पर पेयजल समस्या बढ़ जाती है। इसलिए बंद पड़े ट्यूबवेल व रेनी वेल को चालू करने की जरूरत महसूस की जा रही है। लिहाजा मुख्यमंत्री ने इस समस्या का हल निकालने का निर्देश दिया था।

जल बोर्ड ने करीब एक महीने तक संयंत्र से शोधित पानी की गुणवत्ता की जांच की। यह ट्रायल सफल पाया गया है। इसलिए इस तकनीक से बंद पड़े ट्यूबवेल व रेनी वेल दोबारा शुरू हो सकेंगे। इससे दिल्ली को करीब 63 एमएलडी (63 मिलियन लीटर डेली) अतिरिक्त पानी मिल सकेगा। इसके अलावा नए ट्यूबवेल भी लगाए जा सकेंगे पर इसके लिए कई अमोनिया शोधन संयंत्र लगाने पड़ेंगे। संयंत्र के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जल जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया और जल बोर्ड के अधिकारी मौजूद थे। दिल्ली जल बोर्ड प्रतिदिन 900 एमजीडी पानी आपूर्ति करता है। इसमें करीब 80 एमजीडी भूजल से आपूर्ति की जाती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।