Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जाना था अमेरिका तो दंपती ने कर्मचारी के साथ मिलकर रच डाली लूट की साजिश, जानिए पूरा मामला

पुलिस ने लूट की गुत्थी को सुलझाते हुए एक कर्मचारी व दंपती समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने कर्मचारी परेश पटेल सीमा शादमान इसके पति अब्दुल शकूर और सीमा के जीजा परवेज उर्फ सलमान उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Updated: Thu, 16 Sep 2021 02:44 PM (IST)
Hero Image
लूट की रकम में से 17 लाख 48 हजार रुपये किए गए बरामद।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लाहौरी गेट इलाके में 11 सितंबर को कोरियर कंपनी के दफ्तर से 10 लाख की नहीं बल्कि 65 लाख रुपये की लूट हुई थी। पुलिस ने लूट की गुत्थी को सुलझाते हुए एक कर्मचारी व दंपती समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने कर्मचारी परेश पटेल, सीमा शादमान, इसके पति अब्दुल शकूर और सीमा के जीजा परवेज उर्फ सलमान उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से पुलिस ने लूट की रकम में से 17 लाख 48 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि सीमा और अब्दुल शकूर को अमेरिका जाना था। इसलिए उन्होंने कोरियर कंपनी में काम कर रहे परेश के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। सीमा ने वारदात को अंजाम देने के लिए जीजा परवेज को भी शामिल किया। परवेज ने अन्य बदमाशों को साथ मिलाकर लूटपाट की। परवेज पर पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फांस ने बताया कि 11 सितंबर को कूंचा घासीराम स्थित कोरियर कंपनी में आरोपितों ने पिस्टल और चाकू की नोक पर लूटपाट की थी। कर्मचारी जसू भाई पटेल ने लूट की शिकायत दर्ज कराई थी।

वारदात के दिन कर्मचारी परेश पटेल, हीरेन पटेल और अन्य लोग मौजूद थे। पहले लूट की रकम दस लाख रुपये बताई गई थी। बाद में पता चला कि बदमाशों ने कुल 64 लाख 15 हजार रुपये लूटे थे। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। इसके अलावा सभी कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की। शक होने के बाद सख्ती से पूछताछ करने पर कर्मचारी परेश ने वारदात कुबूल कर ली। बताया कि शास्त्री नगर के दंपती के साथ मिलकर उसने लूट की साजिश रची थी। परेश की निशानदेही पर पुलिस ने सीमा, शकूर, परवेज को गिरफ्तार कर लिया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें