आंधी के कारण टूटी ओएचई वायर, मेट्रो सेवा प्रभावित
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में शुक्रवार शाम को आई तेज आंधी के कारण दिल्ली मेट्रो की र
By JagranEdited By: Updated: Fri, 01 Jun 2018 10:38 PM (IST)
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में शुक्रवार शाम को आई तेज आंधी के कारण दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन (रिठाला-दिलशाद गार्डन) पर दो जगहों पर ओएचई (ओवर हेड इक्यूपमेंट) वायर टूटने से शाम सात बजे से करीब ढाई घंटे तक मेट्रो का परिचालन प्रभावित रहा। इस दौरान 24.1 किमी लंबी इस मेट्रो लाइन के तीन किमी हिस्से पर शाहदरा से दिलशाद गार्डन स्टेशन के बीच मेट्रो का परिचालन बिल्कुल ठप रहा। इस कारण व्यस्त समय में रेड लाइन पर यात्रियों को सफर में परेशानी का सामना करना पड़ा। रात 9:22 बजे तकनीकी खराबी दूरी की जा सकी। इसके बाद शाहदरा से दिलशाद गार्डन के बीच मेट्रो का परिचालन दोबारा शुरू किया जा सका।
सुबह-शाम मेट्रो में यात्रियों की भीड़ अधिक होती है। यह देखा गया है कि शाम सात बजे से रात करीब 9:30 बजे तक मेट्रो में अधिक यात्री सफर करते हैं, इसलिए रेड लाइन पर परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। खासतौर पर शाहदरा से आगे दिलशाद गार्डन की ओर जाने वाले यात्रियों को शाहदरा मेट्रो स्टेशन पर ही उतरना पड़ा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अनुसार, रेड लाइन के वेलकम और दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन के नजदीक दो जगहों पर ओएचई वायर टूट गई। इस घटना का कारण आंधी को बताया जा रहा है। इस दौरान रिठाला से शाहदरा के बीच मेट्रो का परिचालन सामान्य रहा, जबकि शाहदरा से दिलशाद गार्डन के बीच परिचालन बंद रहा। तकनीकी खराबी की सूचना मिलने पर मेट्रो के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रात 9:22 बजे दोनों जगहों पर ओएचई वायर ठीक कर दी।
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।