Move to Jagran APP

मामूली झगड़े में दो किशोरों को चाकू मारा, एक की मौत

लाख कोशिश के बावजूद राजधानी में गुंडागर्दी व बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात भी मध्य जिला के नबी करीम इलाके में सीढि़यों के दरवाजे पर बैठने के कारण दो गुटों में झगड़ा में हो गया। झगड़े में एक गुट के दो युवकों ने दूसरे गुट के दो किशोरों के पेट में चाकू घोंप दिया। उपचार के लिए दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां 15 वर्षीय यासीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 16 वर्षीय फर

By JagranEdited By: Updated: Thu, 25 Jul 2019 06:28 AM (IST)
Hero Image
मामूली झगड़े में दो किशोरों को चाकू मारा, एक की मौत

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली में बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात मध्य जिले के नबी करीम इलाके में सीढि़यों के दरवाजे पर बैठने के कारण दो गुटों में झगड़ा हुआ। इसके बाद दो युवकों ने दो किशोरों के पेट में चाकू घोंप दिया। दोनों घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां यासीन (15) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फरमान (16) की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपितों मुहम्मद रिजवान उर्फ राजू व शाहनवाज के खिलाफ हत्या व आ‌र्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपित व फरमान नबी करीम में एक ही बिल्डिग में परिवार के साथ रहते हैं। उसी बिल्डिंग में यासीन भी रहता था। पुलिस को शाहनवाज व रिजवान का एक वीडियो मिला है, जिसे उसके दोस्त ने बनाया है और शाहनवाज ने उसे लाइक एप पर अपलोड किया है। वीडियो में दोनों के पास दो नए चाकू दिख रहे हैं। इसे दोनों ने अपने दोस्तों व परिचितों को भेजा है। रिजवान उर्फ राजू नबी करीम में बैग बनाने की फैक्ट्री में काम करता है। रविवार रात नौ बजे वह फैक्ट्री से घर लौट रहा था। रास्ते में उसने सब्जी खरीदी। घर के पास आने पर उसने देखा कि दानिश व फरमान सीढि़यों के दरवाजे पर बैठे हुए हैं। राजू ने जब उनसे पूछा कि वे लोग दरवाजे पर क्यों बैठते हैं तो इस बात पर उसका दोनों से झगड़ा हो गया। दानिश ने रिजवान को तमाचा जड़ दिया। इस पर उसने शाहनवाज को मौके पर बुलाया। इसके बाद दोनों गुटों में दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा होते देख यासीन जब बीच-बचाव करने आया तो रिजवान उससे उलझ गया। उसने यासीन को पकड़ लिया और शाहनवाज ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद दोनों भागने लगे। फरमान ने जब पीछा कर शाहनवाज को दबोचने की कोशिश की तो उसने फरमान के पेट में भी चाकू मार दिया। एसीपी संजीव गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह दोनों आरोपितों को दबोच लिया। चाकू दिखाकर करते थे गुंडागर्दी

पुलिस जांच में पता चला है कि रिजवान और शाहनवाज इलाके में काफी समय से चाकू दिखाकर गुंडागर्दी कर रहे थे। शाहनवाज ने पूछताछ में बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल चाकू दो दिन पहले किसी से छीना था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद कर लिया गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।