मां बनने वाली है 13 वर्षीय लड़की, 7 महीने से मां भी रही बेखबर; पेट फूला तो खुला राज
पूछताछ में पीड़िता ने बताया आठ माह पूर्व अज्ञात युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। लोक-लाज के डर से उसने परिजनों से भी यह बात छिपाई।
गाजियाबाद, जेएनएन। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अजब मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली किशोरी के परिजन उसके पेट दर्द की जांच कराने पहुंचे तो उसके सात माह की गर्भवती होने का पता चला। पूछताछ में पीड़िता ने बताया आठ माह पूर्व अज्ञात युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। लोक-लाज के डर से उसने परिजनों से भी यह बात छिपाई। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र की एक कालोनी में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी कुछ दिन से पेट से परेशान थी। उसका पेट भी काफी बढ़ गया था। शुक्रवार को परिजन उसे इलाज के लिए दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने जांच की तो सामने आया कि वह सात माह की गर्भवती है। डॉक्टरों ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों को किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी दी।
खोड़ा पुलिस को ट्रांसफर किया केस
घटनास्थल खोड़ा होने के चलते दिल्ली पुलिस ने मामला खोड़ा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने किशोरी को खोड़ा थाने बुलाकर उसके बयान लिए। किशोरी ने बताया कि आठ माह पूर्व एक युवक उसे जबरन खोड़ा स्थित एक मकान में ले गया था। जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।
लोकलाज के डर से छिपाया
किशोरी ने बताया कि उसे डर था कि अगर यह बात किसी को पता चली तो उसकी बदनामी हो जाएगी। साथ ही उसका समाज में रहना मुश्किल हो जाएगा। घटना के बाद से उसके पेट में दर्द होता था लेकिन वह छिपा लेती थी।
अपर्णा गौतम (एएसपी इंदिरापुरम) के मुताबिक, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर रिपोर्ट दर्ज की है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।