Move to Jagran APP

Kisan Tractor Rally 26 June: किसान आंदोलन के 7 महीने पूरे, आज ट्रैक्टर रैली निकालेंगे राकेश टिकैत

Rakesh Tikait Kisan Tractor Rally 26 June किसान आंदोलन के 7 महीने पूरे होने पर शनिवार को यूपी गेट पर ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। गाजीपुर बॉर्डर पर इसकी अगुवाई भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत करेंगे।

By Jp YadavEdited By: Updated: Sat, 26 Jun 2021 08:44 AM (IST)
Hero Image
Kisan Tractor Rally 26 June: किसान आंदोलन के 7 महीने पूरे, आज ट्रैक्टर रैली निकालेंगे राकेश टिकैत

नई दिल्ली/गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। केंद्रीय कृषि कानून विरोधियों की ओर से आपातकाल की बरसी के मौके में शनिवार को ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। गाजीपुर बॉर्डर पर इसकी अगुवाई भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को दोपहर करीब पौने तीन बजे यूपी गेट धरना स्थल पर पहुंचा। इस दौरान मोदीनगर से लेकर यूपी गेट तक जगह-जगह जाम लगा। भीषण गर्मी में जाम में फंसे राहगीरों को काफी दिक्कत हुई। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को जमकर कोसा।

नरेश टिकैत ने सभा को संबोधित किया

चौधरी नरेश टिकैत ने यूपी गेट पर सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शक्ति प्रदर्शन भी जरूरी है। इसी नाते ट्रैक्टर मार्च निकाला गया है। तीनों कृषि कानून वापस होने तक पूरे दमखम से लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से चलकर मुजफ्फरनगर होते हुए यह ट्रैक्टर मार्च यहां पहुंचा है। कुछ ट्रैक्टर रास्ते में हैं जो शनिवार दोपहर तक यहां पहुंच जाएंगे।

हर 26 तारीख को मार्च

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हर माह की 26 तारीख को जिलों से यहां ट्रैक्टर मार्च आएगा। हर बार अलग-अलग जिलों के किसान उसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह इसलिए किया जाएगा कि सरकार यह न समझ ले कि किसान दिल्ली का रास्ता भूल गए हैं। रविवार को गाजियाबाद के पुलिस लाइन से ट्रैक्टर मार्च निकलकर यहां आएगा। शनिवार को सभी प्रदेशों के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव राजपाल सिंह, राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा, धर्मेंद्र मलिक आदि मौजूद रहे।

बता दें कि 26 जून को आपातकाल की घोषणा की बरसी पर ही कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा किसान आंदोलन का सात माह पूरा हो रहा है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व अध्यक्ष नरेश टिकैत घोषणा कर चुके हैं कि 26 जून की तिथि सरकार को भूलने नहीं दी जाएगी। 26 जून को किसान आंदोलन के सात माह पूरे होने पर गाजीपुर बार्डर पर ट्रैक्टर रैली के रिहर्सल का एलान किया गया है। उसमें शामिल होने के लिए भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत शुक्रवार सुबह करीब दस बजे मेरठ से ट्रैक्टर रैली के साथ गाजीपुर बार्डर रवाना हुए। रैली में ट्रैक्टर के साथ ही कारों की संख्या भी काफी थी। रैली के कारण कई स्थानों पर जाम भी लगा। कोराना गाइडलाइन का भी उल्लंघन दिखा।

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा किसान आंदोलन सात माह पूरे होने पर एक बार फिर तेज हो गया है। पूर्व घोषणा के मुताबिक सहारनपुर से शुरू हुई ट्रैक्टर रैली बृहस्पतिवार रात मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर रुकी। मुजफ्फरनगर व शामली के किसान व भाकियू कार्यकर्ता भी यहां एकत्र हुए। रात में ही भाकियू कार्यकर्ताओं ने टोल फ्री करा दिया। कुछ युवा किसानों ने ट्रैक्टर से स्टंट भी किया।

मोदीनगर से यूपी गेट तक जाम

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की अगुआई में ट्रैक्टर मार्च मोदीनगर से जिले में प्रवेश किया। राजचोपाले पर भाकियू के लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मेरठ से गाजियाबाद जाने वाली लेन पर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रदर्शनकारी आगे बढ़े और मुरादनगर पहुंचे। यहां भी लंबा जाम लगा रहा। गाजियाबाद शहर में प्रदर्शनकारी राजनगर एक्सटेंशन और मेरठ तिराहा से दो रूटों में बंट गए। राजनगर एक्सटेंशन से जाने वाले प्रदर्शनकारी एलिवेटेड रोड होकर यूपी गेट पहुंचे। इस दौरान राजनगर एक्सटेंशन में जाम लगा रहा। मेरठ तिराहा पर प्रदर्शनकारियों के पहुंचने पर भीषण जाम लगा। यह प्रदर्शनकारी जीटी रोड से मोहन नगर होकर वसुंधरा गए। जीटी रोड पर मोहन नगर तक और लिंक रोड पर वसुंधरा लालबत्ती तक जाम लग गया। प्रदर्शनकारी वसुंधरा लालबत्ती से कनावनी पुलिया पहुंचे। यहां से गलत दिशा में एलिवेटेड रोड पर चढ़े और फिर यूपी गेट पहुंचे।

राहगीरों को दिक्कत

यातायात पुलिस ने जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया था लेकिन रूट डायवर्जन नहीं किया। इसकी वजह से कई जगहों पर जाम लगा। दोपहिया वाहन चालकों को धूप की वजह से भी दिक्कत हुई। वाहन चालकों का ईंधन और समय बर्बाद हुआ।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।