Move to Jagran APP

होली पर सीएम केजरीवाल के घर जाना अधिकारी को पड़ा महंगा, फिर हुआ विवाद

डीएन सिंह ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह सुलह के लिए नहीं बल्कि केजरीवाल की मां की तबीयत के बारे में जानकारी लेने गए थे।

By Amit MishraEdited By: Updated: Sun, 04 Mar 2018 07:28 AM (IST)
Hero Image
होली पर सीएम केजरीवाल के घर जाना अधिकारी को पड़ा महंगा, फिर हुआ विवाद

नई दिल्ली [जेएनएन]। मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ मारपीट के विरोध में आंदोलन कर रहे ज्वाइंट फोरम के मुख्य सदस्य डीएन सिंह का होली पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर जाना महंगा पड़ गया। ट्विटर पर केजरीवाल के साथ आई उनकी फोटो के बाद सिंह की आलोचना हुई। इसके बाद दिल्ली सरकार कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने इस पर सफाई दी।

आंदोलन जारी रहेगा

डीएन सिंह ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह सुलह के लिए नहीं बल्कि केजरीवाल की मां की तबीयत के बारे में जानकारी लेने गए थे। मुख्यमंत्री के खिलाफ चल रहा उनका आंदोलन जारी रहेगा। राजधानी में शुक्रवार को जब दिल्ली में लोग होली के रंग में सराबोर थे, उसी समय समाचार चैनलों पर खबर आई कि सरकार के खिलाफ चल रहा अधिकारियों का आंदोलन टूट गया है।

हरकत में आए अधिकारी

खबर यह भी आई कि अधिकारियों के ज्वाइंट फोरम के एक प्रमुख सदस्य डीएन सिंह ने सुलह के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। इस दौरान दिल्ली सरकार के सलाहकार नागेंद्र शर्मा ने एक फोटो ट्विटर पर डाली, जिसमें केजरीवाल के साथ समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम और डीएन सिंह भी खड़े दिखे। इस पर दिल्ली सरकार में काम कर रहे अधिकारी हरकत में आए।

अधिकारियों ने किया हंगामा 

डीएन सिंह दिल्ली सरकार कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। एसोसिएशन के महासचिव दीपक भारद्वाज की ओर से तुरंत बयान जारी किया गया कि आंदोलन समाप्त होने की खबर गलत है। इस संबंध में समाचार चैनलों में चल रही खबर न प्रसारित की जाए। समाचार तो रुक गया, लेकिन आंदोलन कर रहे अधिकारियों ने खूब हंगामा किया।

केजरीवाल से हालचाल जानने पहुंचे थे

डीएन सिंह को तलब किया गया। इसके बाद उन्होंने लिखित में सफाई दी। सिंह ने कहा कि अपोलो अस्पताल में भर्ती केजरीवाल की मां की तबीयत ज्यादा खराब है। अरविंद केजरीवाल को भी बुखार आ रहा है। जानकारी मिलने के बाद वो केजरीवाल से हालचाल जानने पहुंचे थे। 

यह भी पढ़ें: केजरीवाल ने दी होली की शुभकामनाएं, भाजपा ने कहा- मतभेद दूर करें सीएम

यह भी पढ़ें: अधिकारियों पर भड़के सिसोदिया, काम नहीं करने का लगाया आरोप, मिला ये जवाब

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।