Move to Jagran APP

Delhi News: टनल में कामगार पर भरभराकर गिरी मिट्टी, इलाज के दौरान दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में हुई मौत

दिल्ली में यशोभूमि से आईजीआई हवाई अड्डे के बीच बन रहे टनल में एक दर्दनाक हादसा हुआ। मंगलवार देर रात भरभराकर मिट्टी गिरने से एक कामगार की मौत हो गई। सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिछले साल भी इसी टनल हादसा हुआ था। मिट्टी का एक हिस्सा भरभराकर गिरने से एक कामगार घायल हो गया था।

By Sonu Rana Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 16 Oct 2024 07:44 AM (IST)
Hero Image
इसी टनल में निर्माण कार्य के दौरान हादसा हो गया। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। यशोभूमि से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट के बीच में बन रहे टनल में काम कर रहे कामगार पर मंगलवार देर रात भरभराकर मिट्टी गिर गई। उसके साथी उसे निकालकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

कामगार की पहचान महिपालपुर के मानेक चंद सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान पता लगा है कि टनल के निर्माण कार्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

टनल के लिए कई फीट नीचे तक की गई खोदाई

जानकारी के अनुसार, यशोभूमि से आईजीआई एयरपोर्ट के बीच में बन रहे टनल के निर्माण कार्य के लिए जमीन के कई फीट नीचे तक खोदाई की गई है। इसी के तहत महिपालपुर सर्विस रोड पर शिव मूर्ति के सामने एनएसजी कैंप एनएच-8 के पास काम चल रहा है। यहां पर मानेक चंद सोरेन नामक कामगार काम कर रहे थे। काम करते समय अचानक से मिट्टी का हिस्सा उन पर गिर गया।

पास में चल रहे एक अन्य प्रोजेक्ट में काम करने वाले कामगार ने इसे देखा तो पुलिस को कॉल किया। जब तक सोरेन को मिट्टी से निकालकर उसके साथी अस्पताल लेकर गए, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि महिपालपुर सर्विस रोड पर शिव मूर्ति के सामने मिट्टी के नीचे कामगार दब गया है। घायल को अस्पताल ले जाया गया है।

गहराई के हिसाब से नहीं थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि यशोभूमि से आईजीआई एयरपोर्ट के बीच टनल का काम चल रहा था। यहा पर रोड का काम जमीनी सतह से काफी नीचे गहराई पर चल रहा था और गहराई के हिसाब से पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए हुए थे और लापरवाही बरती जा रही थी, जिस वजह से मिट्टी सरक गयी और एक मजदूर उसके नीचे दब गया था और उसकी मौत हो गयी।

पिछले वर्ष भी सामने आई थी लापरवाही

14 दिसंबर 2023 को भी इस टनल में काम के दौरान मिट्टी का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था। इसकी चपेट में आने से एक कामगार घायल हो गया था। पुलिस ने निर्माण कार्य करवा रही कंपनी के खिलाफ लापरवाही के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।