Move to Jagran APP

महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी AAP, लेकिन केजरीवाल करेंगे प्रचार; संजय सिंह ने बताई वजह

राज्यसभा सांसद सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल MVA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी। AAP सूत्रों के अनुसार शिवसेना (UBT) और NCP-SP ने केजरीवाल के महाराष्ट्र में प्रचार करने के बारे में पार्टी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल झारखंड विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन के लिए भी प्रचार करने वाले हैं।

By Agency Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 26 Oct 2024 06:28 PM (IST)
Hero Image
महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी AAP, लेकिन केजरीवाल करेंगे प्रचार।
पीटीआई, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। इसके बावजूद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के लिए प्रचार करेंगे। AAP नेता संजय सिंह ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। MVA गठबंधन में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT), शरद पवार की NCP-SP और कांग्रेस शामिल हैं।

राज्यसभा सांसद सिंह ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "महाराष्ट्र चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल MVA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी।" AAP सूत्रों के अनुसार, शिवसेना (UBT) और NCP-SP ने केजरीवाल के महाराष्ट्र में प्रचार करने के बारे में पार्टी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल झारखंड विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन की सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए भी प्रचार करने वाले हैं।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होगा मतदान

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटें हैं और 20 नवंबर को मतदान होगा। झारखंड में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी। आप और एमवीए घटक भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) का हिस्सा हैं, जिसका गठन 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा से मुकाबला करने के लिए किया गया था। 

लोकसभा चुनाव से पहले हुआ था गठबंधन

आप ने लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली, गुजरात और हरियाणा में इंडिया ब्लॉक के सबसे बड़े घटक कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था। हालांकि, इसने पंजाब में अपने दम पर चुनाव लड़ा। इसने हरियाणा में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव भी स्वतंत्र रूप से लड़े और अपना खाता खोलने में असफल रही। कांग्रेस महाराष्ट्र में एमवीए का घटक और झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा भी है।

दिल्ली चुनाव पर पूरा फोकस रखना चाहती है आप

बता दें, हाल ही में संपन्न हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में आप को एक भी सीटें नहीं मिली थी। हालांकि पार्टी यहां पर कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती थी, लेकिन सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई। इस कारण दोनों दलों ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि हरियाणा चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के कारण ही पार्टी ने महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया। कहा यह भी जा रहा है कि पार्टी अपना पूरा फोकस दिल्ली चुनाव में लगाना चाहती है।

यह भी पढ़ें- 'दिल्ली के लिए अगले 15 दिन बेहद अहम', बढ़ते प्रदूषण को लेकर गोपाल राय ने चेताया

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।