Move to Jagran APP

दूसरे से दोस्ती के शक में महिला मित्र की हत्या करने वाला आरोपित असम में गिरफ्तार

सतीश कुमार ने किसी दूसरे शख्स के साथ दोस्ती के शक में महिला मित्र दिशू कुमारी की हत्या कर दी थी। आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसको एक बच्चा भी है। वह अपने स्वजनों से अलग किराए के कमरे में रह रहा था।

By Prateek KumarEdited By: Updated: Sat, 03 Oct 2020 05:23 PM (IST)
Hero Image
पुलिस ने महिला मित्र की हत्‍या करने के आरोप में एक शख्‍स को गिरफ्तार किया।
नई दिल्ली, भगवान झा। छावला थाना क्षेत्र के कुतुब विहार इलाके में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित को असम से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित सतीश कुमार ने किसी दूसरे शख्स के साथ दोस्ती के शक में महिला मित्र दिशू कुमारी की हत्या कर दी थी। आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसको एक बच्चा भी है। वह अपने स्वजनों से अलग किराए के कमरे में रह रहा था। सतीश और महिला दोनों गुरुग्राम स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी में एक साथ काम करते थे। पुलिस ने महिला का मोबाइल, कपड़े, स्कूटी व लैपटॉप बरामद किए हैं।

द्वारका पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि 25 सितंबर को पुलिस को जानकारी मिली कि कुतुब विहार फेज एक के एक फ्लैट से बदबू आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला तो देखा कि घर में चारों ओर खून ही खून बिखरा हुआ है। बेड पर देखा तो वहां पर एक महिला का शव दिखाई दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए छावला थाना के एसएचओ ज्ञानेंद्र राणा खुद छानबीन में जुट गए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में पुलिस ने पाया कि महिला एक युवक के साथ फ्लैट में आई थी, लेकिन बाद में युवक स्कूटी से जाते हुए दिखाई दिया।

पुलिस ने जब मकान मालिक से बात की तो उन्होंने बताया कि सतीश कुमार नामक युवक को यह फ्लैट किराए पर दिया है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि सतीश व महिला दोनों के फोन स्विच ऑफ आ रहा है। इसके बाद सीडीआर सेल की मदद से सतीश कुमार के करीबियों के बारे में पुलिस ने जानकारी हासिल करनी शुरू की। इस दौरान पुलिस को सतीश के कुछ करीबियों के बारे में जानकारी मिली, जिनसे पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपित सतीश असम भाग गया है। पुलिस ने बिना समय गंवाए छावला के एसएचओ ज्ञानेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम बनाई और टीम असम पहुंच गई। इस दौरान टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सतीश को डिब्रूगढ़ के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। सतीश यहां से भी भागने की फिराक में था और इसके लिए नौ हजार रुपये में टैक्सी भी बुक कर ली थी।

पूछताछ के दौरान सतीश ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और मां का देहांत वर्ष 2015 में हो गया। उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी और दो वर्ष की बेटी भी है। वह अपने स्वजनों से अलग कुतुब विहार फेस वन में रहता था। वह गुरुग्राम में नौकरी कर रहा था तभी से वह दिशु कुमारी को जानता था और दोनों में दोस्ती हो गई थी। 23 सितंबर को महिला ने सतीश को फोन कर कहा कि वह उसका लैपटॉप ले जाए। दोनों पालम मेट्रो स्टेशन पर मिले और यहीं से कुतुब विहार फेज वन स्थित अपने फ्लैट पर चले गए। सतीश ने पुलिस को बताया कि फ्लैट में महिला के मोबाइल पर किसी ने फोन किया।

इस पर सतीश ने पूछा कि किसका फोन था, लेकिन महिला उसकी बातों को नजरअंदाज करने लगी। इसके बाद बात बढ़ते-बढ़ते दोनों आपस में झगड़ने लगे। इसी दौरान महिला के गर्दन को सतीश ने जोर से दबा दिया और मुंह पर हाथ रख दिया। महिला बेसुध होकर नीचे गिर गई। इसके बाद जब महिला को होश आया तो वह चिल्लाने लगी और फ्लैट से बाहर भागने की कोशिश करने लगी।

सतीश ने दोबारा उसकी गर्दन व मुंह को जोर दबाया साथ ही लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद कंबल में शव को लपेट कर बेड पर रख दिया। साथ ही महिला का फोन और कपड़ा लेकर वह फ्लैट से बाहर आया। बाहर आने के बाद द्वारका सेक्टर 12 में अपना मोबाइल 31 हजार रुपये में बेच दिया और महिला का मोबाइल ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में फेंक दिया। पूछताछ में बताया कि अपने दोस्त से वह स्कूटी लेकर आया था और उसी स्कूटी से पहले आगरा गया उसके बाद लखनऊ पहुंचा। यहां पर स्कूटी छोड़कर किसी तरह असम पहुंचा।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।