Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पत्नी की हत्या के बाद मासूम के साथ कुकर्म कर गला रेता, 12 साल बाद जीबी रोड से चढ़ा पुलिस के हत्थे

दिल्ली पुलिस ने जीबी रोड से एक दुर्दांत अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर मुंबई में एक 12 साल के मासूम के साथ कुकर्म कर उसकी हत्या कर दी। वह पैरोल पर जेल से रिहा हुआ था और उसके बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

By mohammed saqib Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 24 Aug 2024 05:57 PM (IST)
Hero Image
पत्नी और बेटी की हत्या कर जीबी रोड में रह रहा शख्स 12 साल बाद गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिले के कमला मार्केट थाना पुलिस ने जीबी रोड से एक दुर्दांत आरोपित को गिरफ्तार किया है, जिसने वर्ष 2012 में पहले अपनी पत्नी की हत्या की, उसके बाद मुंबई में 12 वर्षीय मासूम का पहले कुकर्म किया और उसका सर धड़ से अलग कर शव को ईस्टर्न फ्रीवे के पास खारगंगा में फेंक दिया था।

आरोपित बिपुल शिकारी को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। कोराना माहमारी में बिपुल शिकारी समेत अन्य आरोपितों को पैरोल पर जेल से रिहा कर दिया गया था। जिसके बाद वह कभी जेल वापस नहीं लौटा।

2022 में कोर्ट ने घोषित किया था भगोड़ा

कानून से भागने की वजह से 31 अगस्त 2022 को न्यायालय ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। आरोपित बंगाल के नादिया जिले का रहने वाला है। पैरोल से भागने के बाद वह देश के अलग-अलग राज्यों में छिप कर रह रहा था। आरोपित महाराष्ट्र के मुंबई में दर्ज एक मामले में वांटेड था और दिल्ली में छिपा हुआ था।

जीबी रोड पर दलाली करने लगा

जानकारी के मुताबिक, 2020 में पैरोल पर रिहा होने के बाद आरोपित दिल्ली के जीबी रोड पर दलाली करने लगा। यहां वह बहुत कम समय में काफी चर्चित हो गया। न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित होने के बाद आरोपित दिल्ली से भागकर अलग-अलग राज्यों में अपनी पहचान बदल कर रहने लगा।

वर्ष 2022 में आरोपित मुंबई के वडाला में रहने लगा और छोटे मोटे काम करने लगा। इसी वर्ष 28 जनवरी को वह फिर अपराध की दुनिया में शामिल हो गया और एक संदिग्ध ट्रांसजेंडर के नेतृत्व वाले गिरोह के साथ मिलकर अपने पड़ोसी के 12 वर्षीय बेटे का अपहरण किया और उसकी हत्या कर दी।

क्रूरता की सारी हदें लांघ गया आरोपित

28 जनवरी 2024 को वडाला में छठी कक्षा में पढ़ने वाले मजदूर के बेटे को आरोपित कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। कुछ समय तक उसका कोई पता नहीं चला, इसलिए मां-बाप ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद चार मार्च को बच्चे का शव ईस्टर्न फ्रीवे के पास खारगंगा में मिला।

पोस्टमार्टम में पता चला नृशंस हत्यारे ने 12 वर्ष के मासूम के साथ कुकर्म किया उसके बाद गला काटा और प्राइवेट पार्ट तक काट दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आरोपित बिपुल बच्चे को आटो में बैठाता फुटेज में कैद हुआ। मुंबई पुलिस ने आरोपित का आपराधिक इतिहास खंगाला तो वह पहले ही हत्यारा व पैरोल जंपर निकला।

आरोपित नहीं रखता था मोबाइल

मुंबई में बच्चे की हत्या के बाद आरोपित मुंबई से भाग कर अन्य राज्यों में छिपकर रहने लगा। किसी को उसके ठिकाने का पता नहीं चले इसलिए वह अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखता था। फरवरी 2024 को आरोपित की तलाश में मुंबई पुलिस कमला मार्किट के जीबी रोड आई थी और इसके इनामी इश्तहार पर फोटो जमा किए हुए थे।

ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

बृहस्पतिवार को पुलिस को बिपुल शिकारी के जीबी रोड पर आने की खबर मिली तो वह सादी वर्दी में वहां पहुंच गए। इस सब से अनजान शिकारी जैसे ही वहां के एक कोठे में घुसा और 30 मिनट बाद बाहर निकला तो पुलिस ने उसका पीछा किया। शक होने पर उसने वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपित का आपराधिक इतिहास खंगालने के बाद मुंबई पुलिस को सूचित किया गया। जिसके बाद मुंबई से पुलिस ने आकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- ED ने एक बड़े सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, अधिकारियों से संबंध होने का दावा कर राहत दिलाने के नाम पर करते थे ठगी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें