Move to Jagran APP

Air India News: एयर इंडिया के विमान में चमगादड़, दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौट आया

Air India News एयर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार देर रात 2.20 बजे दिल्ली से न्युअक के लिए रवाना हुआ। रनवे से उड़ान भरने के करीब आधे घंटे के बाद विमान में चमगादड़ नजर आया। मामला संज्ञान में आने के बाद पायलट ने विमान को दिल्ली में उतारने का फैसला किया।

By Jp YadavEdited By: Updated: Sat, 29 May 2021 09:23 AM (IST)
Hero Image
Air India News: एयर इंडिया के विमान में चमगादड़, दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौट आया

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली से न्युअक (अमेरिका) जा रहे एक यात्री विमान को उड़ान के दौरान ही तब बीच सफर से लौटना पड़ा जब विमान के केबिन में एक चमगादड़ नजर आ गया। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर विमान को दिल्ली में वापस उतारने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान में सवार यात्रियों को दूसरे विमान से न्युअक के लिए रवाना किया गया।

एयर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार को देर रात 2.20 बजे दिल्ली से न्युअक के लिए रवाना हुआ। रनवे से उड़ान भरने के करीब आधे घंटे के बाद विमान में चमगादड़ नजर आया। मामला संज्ञान में आने के बाद पायलट ने विमान को दिल्ली में उतारने का फैसला किया। पायलट द्वारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मामले की जानकारी देने के बाद एयरपोर्ट पर विमान को उतारने की तैयारी शुरू हो गई। आपातकाल की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट पर सभी को सचेत कर दिया गया। तड़के 3. 55 बजे विमान एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। छानबीन में पता चला कि चमगादड़ मृत था। इसे बिजनेस क्लास के एक केबिन में देखा गया था। इसके बाद वाइल्ड लाइफ कर्मियों को बुलाया गया ताकि वे केबिन से चमगादड़ को हटाएं।

मामले की जानकारी एयरलाइंस के फ्लाइट सेफ्टी विभाग को दी गई ताकि इस पूरे प्रकरण में यह पता लगाया जा सके कि कहां चूक हुई है और आखिर विमान में चमगादड़ कहां से आया। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि खानपान से जुड़ी सामग्री को लेकर आने वाली गाड़ियों से यह विमान में प्रवेश कर गया हो।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।