Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Apsara Flyover: दिल्ली के लोगों को मिलने वाली है जल्द जाम से राहत, इसी माह शुरू होगा अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर

Apsara Border Flyover पूर्वी दिल्ली के लोगों को इसी महीने से अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार तक डेढ़ किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर मिलने जा रहा है। इसके अलावा पंजाबी बाग से राजा गार्डन तक और यमुना विहार से भजनपुरा तक भी नए फ्लाईओवर बन रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्लीवासियों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी।

By V K Shukla Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 08 Sep 2024 07:14 PM (IST)
Hero Image
इसी माह जनता को मिलेगी अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर की सौगात।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के लोगों को इसी माह से यातायात जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। इसी माह जनता को अप्सरा बॉर्डर से आनंद विहार के बीच बना डेढ़ किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर जनता को समर्पित होने जा रहा है। फ्लाईओवर बनकर तैयार है, इसी माह इसका उद्घाटन होने जा रहा है। उद्घाटन के लिए लोक निर्माण विभाग ने फाइल भेजकर सरकार से समय मांगा है।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे और सरकार उन्हीं से इसका उद्घाटन कराना चाहती है।

ऐसे में इस माह के अंत तक फ्लाईओवर पर यातायात शुरू होने की पूरी संभावना है। योजना के तहत फ्लाईओवर के बीच आ रहे पेड़ों को नहीं हटाया जाएगा। पेड़ों के पास बैरीकेड्स लगाकर यातायात किया जाएगा शुरू।

पेड़ काटने के लिए पीडब्ल्यूडी ने वन विभाग से दो साल पहले अनुमति मांगी थी जो अभी तक मिल नहीं सकी है।काेरोना काल के बाद यह साल पहला ऐसा साल है जब दिल्ली को ढांचागत विकास की तीन बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिलने जा रहा है।

आनंद विहार आरओबी और अप्सरा बॉर्डर आरओबी के बीच रोड नंबर-56 पर करीब 1440 मीटर लंबे और छह लेन के चौड़े फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण के बाद रामप्रस्थ कालोनी, विवेक विहार और श्रेष्ठ विहार लालबत्ती पर लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी। एनसीआरटीसी द्वारा रैपिड मेट्रो का स्टेशन बनाने के बाद इस फ्लाईओवर से होकर प्रतिदिन औसतन 1.48 लाख वाहन गुजरेंगे।

इसके बाद अगले माह तक पंजाबी बाग से राजा गार्डन तक यातायात जाम से निजात मिलने जा रही है।पंजाबी बाग स्थित दोनों सिंगल फ्लाईओवर को डबल किया जा रहा है। मौजूदा दोनों फ्लाईओवर वन-वे हैं।

दोनों फ्लाईओवर की 1-1 लेन को बढ़ाकर तीन लेन का किया जा रहा है। इसके साथ ही दोनों फ्लाईओवर के साथ 3-3 लेन के नए फ्लाईओवर तैयार किए जा रहे हैं। फ्लाईओवर के दोहरीकरण के साथ इसका पंजाबी बाग़ से राजा गार्डन तक 1400 मीटर तक विस्तार भी किया जा रहा है।

इसके बाद दिसंबर तक दिल्ली की जनता को पहला डबलडेकर फ्लाईअोवर मिलने जा रहा है। यमुना विहार और भजनपुरा के बीच 1.4 किमी लंबा डबल-डेकर फ्लाईओवर बन रहा है।यह दिल्ली का पहला पहला डबलडेकर फ्लाईओवर होगा, जिसमें ऊपर के भाग में मेट्रो गुजरेगी, नीचे के भाग में वाहन आैर इसके नीचे यानी सड़के भाग में भी यातायात जारी रहेगा। इस याेजना का 98 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद आसपास के क्षेत्र की जनता को लंबे यातायात जाम से नहीं जूझना पड़ेगा और उनका कीमती समय बचेगा।