Move to Jagran APP

अरविंद केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान हमले का AAP का दावा, पार्टी नेताओं ने BJP पर मढ़े आरोप; भाजपा की आई प्रतिक्रिया

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर पदयात्रा के दौरान हमले की कोशिश हुई। आप ने आरोप लगाया है कि भाजपा के लोगों ने विकासपुरी में केजरीवाल पर हमला किया। पुलिस ने भाजपा के लोगों को नहीं रोका। सौरभ भारद्वाज ने वीडियो जारी कर कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल पर हमला होता है तो इसके लिए बीजेपी जिम्मेदार होगी।

By Jagran News Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 25 Oct 2024 08:18 PM (IST)
Hero Image
अरविंद केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान हमले की कोशिश।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) का आरोप है कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर शुक्रवार को हमले की कोशिश हुई। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान उन पर भाजपा द्वारा हमला की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अरविंद केजरीवाल के पास पहुंचे। पुलिस ने इन लोगों को केजरीवाल के पास जाने से भी नहीं रोका।

बीजेपी केजरीवाल को मारना चाहती है: CM आतिशी

दिल्ली की सीएम आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "दिल्ली की जनता ने देख लिया है कि बीजेपी की गंदी राजनीति किस हद तक गिर सकती है। अरविंद केजरीवाल पर विकासपुरी पदयात्रा के दौरान बीजेपी के गुंडों ने हमला किया। बीजेपी जानती है कि वह AAP और अरविंद केजरीवाल को चुनाव में नहीं हरा सकती, इसलिए वह ऐसी गंदी राजनीति पर उतर आई है और अरविंद केजरीवाल को मारना चाहती है।"

भाजपा ने अपने गुंडों से यह हमला कराया: सिसोदिया

पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, "अरविंद केजरीवाल पर हुआ हमला बेहद निंदनीय और चिंताजनक है। यह साफ है कि भाजपा ने अपने गुंडों से यह हमला कराया है। अगर अरविंद केजरीवाल जी को कुछ होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा पर होगी। हम डरने वाले नहीं हैं। आम आदमी पार्टी अपने मिशन पर डटी रहेगी।"

पहले भी जेल में मारने की कोशिश हुई: सिसोदिया

उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी को भाजपा ने पहले जेल में मारने की कोशिश की। अब कोर्ट ने उन्हें रिहा किया है और वो अपनी दिल्ली की जनता से मिलने रोज़ बाहर निकल रहे हैं तो भाजपा उनको अपने गुंडों द्वारा मारने की कोशिश कर रही है। भाजपा अरविंद केजरीवाल जी को किसी भी तरह से ख़त्म करना चाहती है क्योंकि उनको चुनावों में वो कभी नहीं हरा पायेंगे।"

भाजपा ने हमला करने की कोशिश की: संदीप पाठक

राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा, "भाजपा ने अपने गुंडे भेजकर अरविंद केजरीवाल जी पर हमला करने की कोशिश की। जिस तरह से लोग उन्हें समर्थन और प्यार दे रहे हैं, वह भाजपा से बर्दाश्त नहीं हो रहा। पहले इन्होंने केजरीवाल को जेल में मारने की कोशिश की और अब ये सब कर रहे हैं। जो मर्जी कर लें, ये लोग अरविंद केजरीवाल को हरा नहीं सकते।"

भाजपा होगी जिम्मेदार: सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी से जुड़े लोगों ने विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जब ED, CBI और जेल में डालने से भी बात नहीं बनी, तो अब बीजेपी के लोग अरविंद केजरीवाल पर हमले करवा रहे हैं। अगर केजरीवाल को कुछ भी होता है, तो उसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।

केजरीवाल जी की जान की दुश्मन बन गई है BJP: संजय सिंह

दिल्ली के पूर्व CM और AAP के राष्ट्रीय संयोजक  अरविंद केजरीवाल जी पर विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान BJP के लोगों ने हमला किया, ये बहुत गंभीर और चिंताजनक है। पहले उन्हें जेल में मारने की कोशिश हुई और अब वो अपनी जनता के बीच जा रहे हैं तो उन पर हमला करवाया जा रहा है। अगर केजरीवाल जी को कुछ भी हुआ तो उसकी जिम्मेदारी सिर्फ BJP ही होगी।

जनता गर पूछे सवाल, तो क्यों परेशान हैं केजरीवाल: वीरेंद्र सचदेवा

बीजेपी नेता वीरेंद्र सचदेवा ने आप के इन आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी की शिकायत लेकर जनता अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछने गई थी, जिसे वह हमला बता रहे हैं। आप नेता जहां-जहां पदयात्रा कर रहे हैं, वहां की जनता आप के विधायकों और नेताओं से सवाल पूछ रहे हैं। आप की सरकार ने दिल्ली की जनता को बिजली, पानी और इलाज के नाम पर ठगा है। उन्होंने कहा कि आप के नेता बीजेपी के खिलाफ अनाप-शनाप बक रहे हैं। आप झूठ का प्रचार करते रहिए लेकिन आपको जवाब तो देना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ में अब बिहार की ट्रेनों में नहीं बढ़ेगी भीड़, रेलवे ने किया खास इंतजाम; आप भी जान लें पूरा प्लान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।