Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, कहां हैं देश के गृह मंत्री?' गोलीबारी की घटना पर बोले केजरीवाल

दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने चिंता जताई है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटनाओं का हवाला देते हुए रविवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में जंगल राज कायम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है और लोग डरे हुए हैं।

By V K Shukla Edited By: Sonu Suman Updated: Sun, 29 Sep 2024 06:47 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने चिंता जताई है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को बद से बदतर बताया है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटनाओं का हवाला देते हुए रविवार को दावा किया कि कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और राष्ट्रीय राजधानी में जंगल राज कायम है। आप का दावा है कि काल आने पर आज 100 में से 80 व्यापारी रंगदारी देकर अपनी जान बचा पा रहे हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को तुरंत प्रभावी कदम उठाने होंगे क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनके अधिकार क्षेत्र में आता है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पूरी तरह से जंगलराज है। देश की राष्ट्रीय राजधानी में लोग डरे हुए हैं। दिल्ली की कानून-व्यवस्था अमित शाह के अधीन है। उन्हें तुरंत प्रभावी कदम उठाने होंगे।

सभी अखबार दहशत की खबरों से भरे हुए

उधर आम आदमी पार्टी ने प्रेसवार्ता कहा है कि आज दिल्ली के तमाम हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी के अखबार दहशत की खबरों से भरे हुए हैं। आप ने कहा है कि इतने वर्षों में दिल्ली में दहशत और गुंडागर्दी का ऐसा माहौल कभी नहीं देखा गया। दिल्ली देश की राजधानी है और पूर्व में सबसे सुरक्षित शहरों में दिल्ली का नाम गिना जाता रहा है।

कानून व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी केंद्र के पास

उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट स्थित है, प्रधानमंत्री का निवास दिल्ली में है, राष्ट्रपति का निवास दिल्ली में है, केंद्र के सारे मंत्री दिल्ली में रहते हैं, पूरी केंद्र सरकार दिल्ली से चलती है और इस केंद्र सरकार के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस के पास दिल्ली की कानून व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी है।

कानून व्यवस्था के लिए एलजी और गृहमंत्री जिम्मेदार

आप ने इसके लिए सीधे तौर पर केंद्रीय गृहमंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल को जिम्मेदार ठहराया। दिल्ली सचिवालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज से पहले इस तरह का माहौल केवल फिल्मों में देखा जाता था कि जब गैंगस्टर उद्योगपतियों को रंगदारी देने के लिए धमकाते थे और उनके घरों पर गोलियां चलाते थे, परंतु अब यह सब कुछ दिल्ली में खुले तौर पर हो रहा है।

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों से सेकेंड-हैंड लग्जरी कार शोरूम, एक होटल और एक मिठाई की दुकान को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं, संदेह जताया जा रहा है कि ये घटनाएं गिरोहों द्वारा जबरन वसूली की बोली से संबंधित हैं। दिल्ली विधानसभा सत्र में शुक्रवार को सत्तारूढ़ आप विधायकों ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया था।

यह भी पढ़ेंः LG और आतिशी सरकार के बीच एक और विवाद, दिल्ली के मंत्रियों को नहीं मिला इस समारोह का न्योता

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें