Move to Jagran APP

'ये लोग पूरे देश में गैंगस्टर राज कायम करना चाहते हैं', बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर बोले केजरीवाल

Baba Siddique Death मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लोगों से बीजेपी के खिलाफ साथ आने की अपील की है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सवाल करते हुए कहा कि ऐसा क्या हुआ है कि दिल्ली और मुंबई में इतने सारे गैंगस्टर सक्रिय हो गए हैं?

By Jagran News Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 13 Oct 2024 01:37 PM (IST)
Hero Image
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोली मारकर हत्या ने देशभर में दहशत फैला दी है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से बीजेपी के खिलाफ खड़े होने की अपील की है। 

क्यों एक्टिव हो गए इतने सारे गैंगस्टर?

इसी क्रम में दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "मुंबई में भाजपा की सरकार है और आप कानून व्यवस्था की स्थिति देख सकते हैं, उनके नेता की हत्या कर दी गई है। दिल्ली में भी कानून व्यवस्था केंद्र सरकार के अधीन है और यहां भी हालात मुंबई जैसे होते जा रहे हैं। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें अपना सारा समय राजनीति में बिताती हैं, उनके पास शासन के लिए समय नहीं है। हमें नहीं पता कि कार्रवाई होगी या नहीं, लेकिन क्या ऐसा हुआ है कि दिल्ली और मुंबई में इतने सारे गैंगस्टर सक्रिय हो गए हैं, क्या सरकार उन्हें बढ़ावा दे रही है? यह बहुत गंभीर स्थिति है।"

जांच में मुंबई पुलिस को सेल कर रही मदद

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मुंबई पुलिस को मदद करने मुंबई जा सकती है। स्पेशल सेल सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। शनिवार की रात बाबा सिद्दीकी को मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने उन्हें रोककर उनपर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दी थी।

घायल बाबा सिद्दीकी को उपचार के लिए तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया था जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि वारदात के तुरंत बाद दो बदमाशों को मुंबई पुलिस ने दबोच भी लिया है, तीसरा भागने में कामयाब हो गया था। उनके बारे में पुलिस को जानकारी मिल चुकी है। उसे दबोचने के लिए छापेमारी जारी है।

मुंबई जा सकती है स्पेशल सेल

सूत्रों के मुताबिक स्पेशल सेल के पांच सदस्यों टीम मुंबई पुलिस को जांच में मदद करने मुंबई जा सकती है। सेल को शक है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे गैंगस्टरों के आपसी वर्चस्व हो सकता है। मुंबई पुलिस ने विभिन्न कोणों से मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया के जरिये लॉरेंस बिश्नोई गिरोह द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने से हो सकता है कि किसी गिरोह को उनकी हत्या के लिए सुपारी दी गई हो।

मुंबई व दिल्ली पुलिस इसे मुंबई में व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता व झुग्गी पुनर्वास परियोजना आदि कई पहलुओं पर भी जांच कर रही है। हत्या आरोपित जिन दो बदमाशों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है उनमें हरियाणा का रहने वाला गुरमेल बलजीत सिंह और उत्तर प्रदेश का धर्मराज राजेश कश्यप है।

लॉरेंस गिरोह ने ली हत्या कराने की जिम्मेदारी

पुलिस को मौके ने नाइन एमएम के कुछ खोखे मिले हैं। वारदात के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया के जरिये महाराष्ट्र के शुबू लोनकर ने लॉरेंस गिरोह द्वारा हत्या कराने की जिम्मेदारी ली है। उसकी सत्यता की जांच की जा रही है। इस मामले में मुंबई व दिल्ली पुलिस गुजरात के साबरमती जेल में बंद लॉरेंस से पूछताछ करने जेल जा सकती है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें