Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'पीएम मोदी ताकतवर नेता, लेकिन...', दिल्ली विधानसभा में बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र आज से शुरू हो गया। इस्तीफे के बाद पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पहली बार सदन को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान बीजेपी पर जमकर बरसे। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित की गई थी। विधायक प्ले कार्ड लेकर सदन में पहुंचे थे और इस दौरान जमकर नारेबाजी की।

By Jagran News Edited By: Sonu Suman Updated: Thu, 26 Sep 2024 04:21 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सदन को किया संबोधित।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो गया। आतिशी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सदन का यह पहला सत्र है। इसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी बात रखी। इससे पहले, सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्ष ने हंगाम शुरू कर दिया। इसके बाद स्पीकर रामनिवास गोयल ने 15 मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी थी।

अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विपक्ष के नेता मुझे और मनीष सिसोदिया को देखकर दुखी होंगे। मोदी जी ताकतवर नेता है। अथाह पैसा है उनके पास, लेकिन मोदी भगवान नहीं है। कोई तो शक्ति है, जो हमारे साथ है। 

उन्होंने कहा कि लाखों लोगों की दुआओं से मैं जेल से छूटकर आया हूं। सुप्रीम कोर्ट का भी केजरीवाल ने शुक्रिया किया। उन्होंने कहा कि आज एक सड़क का दौरा किया। सड़क की हालत खराब थी। चार दिन पहले मैं भाजपा के एक बड़े नेता से मिला मैंने कहा कि आपको मुझे जेल भेजकर क्या मिला, उन्होंने कहा कि हम लोगों ने दिल्ली ठप कर दी है। पूरी दिल्ली ठप कर दी।

बीजेपी का एक नेता 75 साल का नियम लागू नहीं कर रहा: केजरीवाल

उन्होंने कहा कि मेरी जिंदगी में तीन ऐसे मौके आए, जब मैंने इस्तीफे दिए, पहली बार 2006 में आयकर संयुक्त आयुक्त पद से इस्तीफा दिया था। दूसरी बार 2014 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और तीसरी बार अब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। मुझे किसी पद से कोई लालच नही है। एक तरफ भाजपा के एक नेता हैं जो 75 साल में अपने सभी नेताओं को रिटायर कर रहे हैं, मगर उनके एक नेता अपने ऊपर इस नियम को लागू नहीं कर रहे हैं।

मेरे 5 नेता जेल गए, लेकिन पार्टी नहीं टूटी: केजरीवाल

इन्होंने मेरे 5 नेताओं को जेल में डाल दिया मगर मेरी पार्टी नहीं टूटी। इनके 2 नेताओं को जेल में डाल दो, इनकी पार्टी टूट जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं बाहर आ गया हूं, ये लोग कहते हैं कि जेल जाने से केजरीवाल का नुकसान हुआ है, मगर केजरीवाल का नुकसान नही हुआ है। दिल्ली के 2 करोड़ लोगों का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि ये लोग जनता को परेशान कर वोट लेना चाहते हैं, ये गलत है। इन लोगों ने मेरे जेल जाने के बाद दिल्ली की सभी सड़कों की मरम्मत बंद करा दी, ये 5000 करोड़ मोदी जी से लाते और सभी सड़कें बनवा देते तो मैं बाहर आकर वोट किस बात पर मांगता। इन लोगों ने बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा बंद करा दी। बुजुर्गों की पेंशन रोक दी। जनता के सामने दो बातें हैं कि केजरीवाल ईमानदार है और जनता के लिए काम करता है।

आतिशी सीट नंबर एक पर बैठीं

मुख्यमंत्री आतिशी सदन में पहुंच चुकी हैं। आतिशी मुख्यमंत्री की सीट एक नंबर पर बैठी हैं। अरविंद केजरीवाल 41 नंबर सीट पर बैठे हैं। इस सीट के बगल में सीट नंबर 40 पर पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बैठे हैं। वहीं दक्षिणी दिल्ली में कुछ माह पहले काटे गए 1100 पेड़ों को लेकर सत्ता पक्ष ने दिल्ली विधानसभा में चर्चा कराई । सत्ता पक्ष ने कहा कि ये पेड़ एलजी वीके सक्सेना के निर्देश पर कटवाए गए।

वहीं विपक्ष की ओर से अजय महावर ने सत्ता पक्ष पर हमला किया कि जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पेड़ काटे गए तो आप के लोग चुप थे, सत्ता पक्ष चुप था, उस समय के सीएम अरविंद केजरीवाल चुप थे। वे क्यों नहीं बोले?

बस मार्शलों की बहाली का प्रस्ताव पास

वहीं, दिल्ली विधानसभा में बस मार्शलों की बहाली के लिए प्रस्ताव पास हो गया। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, AAP और BJP के सभी विधायक LG साहब के यहां जाएंगे और बस मार्शलों की नियुक्ति के कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर ही वापस आएंगे।

10 हजार बस मार्शल बर्बादी के कगार पर: सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के लगभग 10,000 बस मार्शलों के परिवार बर्बादी के कगार पर हैं। कुछ बस मार्शल आत्महत्या तक कर चुके हैं। इनके घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। LG साहब ने पहले बस मार्शलों की तनख्वाह रोकी। जिसके बाद अरविंद केजरीवाल जी ने बस मार्शलों के हक में आवाज उठाई और LG साहब को पत्र लिखा, लेकिन उन्होंने बस मार्शलों की बहाली नहीं की। 

बस मार्शलों की बहाली होने तक नहीं उठेंगे: सौरभ भारद्वाज

उन्होंने कहा कि अब मैं BJP से कहता हूं कि अगले हफ्ते LG साहब के पास सभी मंत्री और विधायक जाएंगे और उनसे कहेंगे कि दिल्ली की चुनी हुई सरकार से बस मार्शलों की बहाली के लिए जो लिखवाना है, लिखवा लें। जब तक LG साहब बस मार्शलों की बहाली नहीं करेंगे, हम वहां से उठेंगे नहीं।