भारत रंग महोत्सव में 101 नाटकों का होगा मंचन, 1 फरवरी से कार्यक्रम का होगा आगाज
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) द्वारा आयोजित 20वें भारत रंग महोत्सव (भारंगम) का आगाज एक फरवरी से होगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) द्वारा आयोजित 20वें भारत रंग महोत्सव (भारंगम) का आगाज एक फरवरी से होगा। 21 दिनों तक चलने वाले भारंगम में पहली बार भोजपुरी नाटक का भी मंचन होगा। महोत्सव में 91 भारतीय नाटकों के अलावा 10 विदेशी नाटक होंगे। इसमें जैनेंद्र दोस्त की भिखारीनामा का मंचन श्रीराम सेंटर में होगा।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के प्रभारी निदेशक सुरेश शर्मा ने बताया कि महोत्सव का आगाज एक फरवरी को कमानी ऑडिटोरियम में होगा। दिल्ली में चुनाव की वजह से आदर्श आचार संहिता लागू है, लिहाजा हमने उद्घाटन के लिए केंद्रीय संस्कृति के नाम की सिफारिश चुनाव आयोग से की है। आयोग की अनुमति मिलने का इंतजार है। सुरेश शर्मा ने बताया कुल 795 भारतीय नाटक एवं 71 विदेशी नाटकों की प्रविष्टियां मिलीं थीं। इन नाटकों को विशेष कमेटी के सदस्यों ने कई चरणों में देखने के बाद ही भारंगम के लिए 91 भारतीय व 10 विदेशी नाटकों का चयन किया है।
इसके अलावा 10 लोक नाटकों का भी मंचन होगा। हिंदी के 18 नाटक होंगे जबकि बंगाली में 11, असमिया में 6, अंग्रेजी में 4, मणिपुरी में 3, हिंदूुस्तानी-गुजराती-मलयालम-कन्नड़-मराठी-ओडिया भाषा में प्रत्येक 2-2 नाटक एवं भोजपुरी-मैथिली-मालवी-राजस्थानी-छत्तीसगढ़ी-बुंदेली-अवधी-तमिल-कोंकणी में एक-एक नाटक का मंचन होगा। विदेशी नाटकों की बात करें तो अमेरिका, रूस, बांग्लादेश, श्रीलंका, चेकगणराज्य, नेपाल के नाटकों का मंचन होगा। इसके अलावा शिलांग, देहरादून, नागपुर, वेल्लापुरम और पुद्दुचेरी में भी नाटकों का मंचन होगा।