Move to Jagran APP

गाजियाबाद में भाजपा नेता ने की आत्महत्या, मां के घर जाकर खुद को मारी गोली

मिली जानकारी के मुताबिक प्रॉपर्टी को लेकर दो बड़े भाइयों से नेता का विवाद चल रहा था। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

By JP YadavEdited By: Updated: Thu, 06 Jun 2019 07:27 AM (IST)
Hero Image
गाजियाबाद में भाजपा नेता ने की आत्महत्या, मां के घर जाकर खुद को मारी गोली

गाजियाबाद, जेएनएन। नगर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा नेता ने मां के घर जाकर लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उनके दोनों भाई अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक की पत्नी व बेटे ने नेता के ही दो सगे बड़े भाई व मां पर संपत्ति को लेकर विवाद व उनका मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। वहीं सुसाइड नोट में भी दोनों भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। लिखा है कि दोनों ने उनके इकलौते बेटे की हत्या की धमकी दी है। बेटे व परिवार की सुरक्षा के लिए वह आत्महत्या कर रहे हैं।

मृतक की पहचान नवीन जैन(50) के रूप में हुई है, जो पत्नी शुभ्रा व बेटे रचित जैन के साथ अशोक नगर में रहते थे। नवीन भाजपा किसान मोर्चा में महानगर कोषाध्यक्ष थे और डिस्पोजल का काराबोर करते थे। उनकी मीनू पेपर कप के नाम से फैक्ट्री है। नवीन के दो बड़े भाई पवन जैन व पंकज जैन हैं।

पवन अपनी मां शारदा जैन के साथ आंबेडकर रोड स्थित गुप्ता कालोनी में रहते हैं। नवीन साल 2006 में मां व भाइयों से अलग हो गए थे। 10 साल पहले उन्होंने फैक्ट्री लगाने के लिए पैतृक जमीन में से हिस्सा मांगा था। इसके बाद से ही मां व दोनों बड़े भाइयों से उनका विवाद शुरू हो गया।

पिता की हत्या के आरोप से हुए परेशान बीबीए कर रहे रचित ने बताया कि संपत्ति को लेकर दोनों ताऊ पापा को मानसिक रूप से काफी ज्यादा परेशान करते थे। 10 दिन पूर्व ताऊ ने दादा सुरेंद्र कुमार जैन की हत्या का नवीन पर आरोप लगा दिया था। 2002 में दादा की हत्या डासना में हुई थी, जिसमें हत्यारोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। पिता की हत्या के आरोप से नवीन काफी व्यथित थे।

रचित के मुताबिक पापा ने उसी दिन से ठीक से खाना भी नहीं खाया। सुसाइड नोट में उन्होंने दोनों भाइयों पर बेटे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। रचित ने बताया कि मंगलवार रात को गोदाम से माल लेने के दौरान भी दोनों ताऊ ने अभद्रता की थी। बुधवार सुबह सात बजे ही वह ड्राइवर रोहित को लेकर घर से निकल गए। करीब साढ़े 12 बजे रोहित ने फोन कर बताया कि नवीन ने खुद को गोली मार ली है और उन्हें यशोदा अस्पताल ले गए हैं। रचित का आरोप है कि जब तक वह अस्पताल पहुंचे, दोनों ताऊ फरार हो गए थे।

सुसाइड नोट गायब करने का आरोप
रचित के मुताबिक उन्हें पापा के मोबाइल में सुसाइड नोट की फोटो मिली। यह नोट उन्होंने पुलिस अधीक्षक के नाम लिखा था। दावा है कि सुसाइड नोट उनकी जेब में रखा था, जिसे अस्पताल पहुंचाने के दौरान ताऊ ने निकालकर गायब कर दिया।

पुलिस का पक्ष 
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि गोली सिर में मारी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।