'बालक बुद्धि वाले विपक्ष के नेता को जनता ने नकारा...', बीजेपी नेता पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर बोला हमला
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बालक बुद्धि वाले विपक्ष के नेता को देश की जनता ने नकार दिया है। लोकसभा चुनाव में तीसरी बार सभी सीटों पर जीत देकर दिल्ली के लोगों ने मोदी के साथ खड़े रहने का संदेश दिया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि लोकसभा में नरेंद्र मोदी सरकार की जीत उनके 10 वर्षों तक बिना विश्राम किए लगातार बिना किसी भेदभाव के देशवासियों की सेवा, उनकी जनकल्याणकारी योजनाएं व उपलब्धियां, विकसित भारत के संकल्प की पुष्टि करता है।
लगातार तीसरी बार कांग्रेस को मिली 100 से कम सीटें
यह विजय देशवासियों की मोदी के प्रति विश्वास को उजागर करता है। देश में तेज गति से विकास के लिए उन्हें देशवासियों ने अपना समर्थन दिया है जिससे कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बन सके। परंतु, बालक बुद्धि वाले विपक्ष के नेता को यह समझ नहीं आ रहा है उन्हें देश की जनता ने नकार दिया है। लगातार तीसरी बार उनकी पार्टी को 100 से कम सीटें दी है। दिल्ली सहित कई राज्यों में उनकी पार्टी का खाता भी नहीं खुला है। बालक बुद्धि इस हार को पचा नहीं पा रही है।
कांग्रेस में चुनाव जीतने का सामर्थ्य नहीं
गोयल ने कहा कि यदि दूसरी पार्टियों का साथ नहीं मिले तो कांग्रेस में चुनाव जीतने का सामर्थ्य नहीं है। दिल्ली में तो आप के साथ मिलकर लड़ने के बाद भी एक भी सीट नहीं नहीं मिली। दिल्ली के लोगों ने यह संदेश दिया है कि वह मोदी के साथ खड़े हैं। वह अमृतकाल में भारत को तेज गति से आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। कारोबार को आसान बनाने के लिए काम किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी शक्ति इन चारों के विकास के लिए केंद्र सरकार निष्ठा के साथ काम करेगी। दिल्ली के विकास के लिए केंद्र सरकार ने कई काम किए हैं। हजारों करोड़ का निवेश किया है। केजरीवाल सरकार दिल्ली के लोगों के जीवन को बेहतर करने के लिए कोई काम नहीं किया गया।
दिल्ली के विकास के लिए प्रतिबद्ध है मोदी सरकार
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "आधारभूत सुविधाओं के नाम पर दिल्ली सरकार ने कोई काम नहीं किया है। झुग्गी में रहने वालों को अच्छा घर मिले, उनके पुनर्वास के लिए दिल्ली सरकार के पास कोई योजना नहीं है। मोदी सरकार दिल्ली के विकास व उज्ज्वल विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत प्राप्त करनी होगी। डबल इंजन की सरकार से दिल्ली का विकास संभव हो सकेगा। यहां के लोगों को नया अवसर मिल सकेगा।"