Move to Jagran APP

Haryana Election Results: हरियाणा चुनाव परिणाम से भाजपाई उत्साहित, कहा- अब दिल्ली की बारी

Haryana Election Results हरियाणा चुनाव परिणामों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा के हौसले बुलंद कर दिए हैं। पार्टी को दिल्ली से सटे गुरुग्राम फरीदाबाद सोनीपत आदि शहरों में शानदार जीत मिली है। भाजपा नेता उत्साहित हैं और उनका कहना है कि अब दिल्ली की बारी है। दूसरी ओर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं में मायूसी है।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 09 Oct 2024 07:39 AM (IST)
Hero Image
अब दिल्ली चुनाव की तैयारी में भाजपा। फोटो- जागरण

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा के लिए हरियाणा में मिली जीत संजीवनी से कम नहीं है। इसकी झलक भी दिख रही है। जहां कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं के चेहरे पर मायूसी छाई है। वहीं, भाजपा के नेता उत्साहित हैं।

उनका कहना है कि अब दिल्ली की बारी है। यहां भी कार्यकर्ता दोगुने उत्साह के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटेंगे। लगभग चार माह बाद दिल्ली विधानसभा का चुनाव है। इससे पहले पड़ोसी राज्य हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम का प्रभाव यहां की राजनीति पर पड़ना स्वाभाविक है।

हरियाणा में स्पष्ट बहुमत प्राप्त करने के साथ ही दिल्ली के साथ लगते गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत व अन्य शहरों में भी भाजपा का शानदार प्रदर्शन रहा है।

जाटों का दबदबा समझे जाने वाले क्षेत्रों में भी इसके प्रत्याशियों को जीत मिली है। इससे दिल्ली देहात के मतदाताओं को साथ जोड़ने में आसानी होगी, क्योंकि विरोधी पार्टियां यह दुष्प्रचार नहीं कर सकेंगी कि जाट और किसान भाजपा से दूरी बनाए हुए हैं।

भाजपा को मिलेगी मनोवैज्ञानिक बढ़त

कांग्रेस को मिली हार और आप को एक भी सीट नहीं मिलने से भाजपा को चुनाव की तैयारी में मनोवैज्ञानिक बढ़त मिलेगी। एक दिन पहले तक दोनों पार्टियों के नेता भाजपा की हार का दावा करते हुए बयानबाजी कर रहे थे। यदि उनका दावा सही होता तो उन्हें दिल्ली में भाजपा को घेरने का मौका मिलता। अब स्थिति बदल गई है। भाजपा नेता आक्रामक दिख रहे हैं।

कमल खिलाने में दिल्ली के नेताओं ने दिया योगदान

हरियाणा में तीसरी बार कमल खिलाने में दिल्ली के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी अपना योगदान दिया। सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी और पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने कई सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने के साथ ही चुनाव प्रबंधन का भी दायित्व निभाया। उनकी मेहनत रंग लाई। इनमें से अधिकांश सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत मिली है।

मनोज तिवारी ने 32 विधानसभा क्षेत्रों में मांगे वोट

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने फरीदाबाद से लेकर कालका तक 32 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उन्होंने सांसद रवि किशन और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ कई स्थानों पर चुनाव प्रचार किया।

दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बादशाहपुर और बादली में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। पार्टी को बादशाहपुर में जीत मिली। बिधूड़ी ने कहा अरविंद केजरीवाल ने अपने आपको हरियाणा का लाल बताते हुए प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा था, परंतु मतदाताओं ने उन्हें नकार दिया। हरियाणा की तरह दिल्ली की जनता भी आप को नकार देगी।

पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने राई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रचार व चुनाव प्रबंधन का काम संभाल रहे थे जहां पार्टी को जीत मिली। पलवल, हिसार, पानीपत में प्रधानमंत्री की चुनावी सभा का प्रबंधन भी उन्होंने संभाला।

‘केवल केजरीवाल के लिए धड़कता है दिल्ली का दिल’

हरियाणा के नतीजों को लेकर भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के बयान पर आप ने कहा है कि भाजपा ने 2014 और 2019 में हरियाणा चुनाव जीता, लेकिन उन नतीजों का असर दिल्ली पर नहीं पड़ा। दिल्ली काम की राजनीति के लिए वोट करती है, खोखले वादों के लिए नहीं।

आप ने कहा है कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि ‘दिल्ली का दिल केवल अरविंद केजरीवाल के लिए धड़कता है।’ चाहे वे कितनी भी साजिशें रचें, जैसा कि उन्होंने अतीत में किया है, दिल्लीवासी अपने बेटे, भाई और नेता के रूप में अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं।

हरियाणा की जनता ने कांग्रेस की जातपात की गंदी राजनीति को नाकारा है। दिल्ली एवं पंजाब में लोगों के साथ छलावा करने वाली आम आदमी पार्टी को भी पूरी तरह से ठुकरा दिया है, इसका खाता भी नहीं खुला। दिल्ली में भी आप की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। - वीरेंद्र सचदेवा (दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष)

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें