Move to Jagran APP

'सेना को दी गई स्वतंत्रता का परिणाम है सर्जिकल स्ट्राइक, राष्ट्र को सुरक्षित रखते हैं जवान'

पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ हुई सफल सर्जिकल स्ट्राइक भारतीय सेना के पराक्रम की पराकाष्ठा है। यह नरेंद्र मोदी सरकार की सेना को दी गई स्वतंत्रता का परिणाम है।

By Edited By: Updated: Sat, 29 Sep 2018 09:44 PM (IST)
Hero Image
'सेना को दी गई स्वतंत्रता का परिणाम है सर्जिकल स्ट्राइक, राष्ट्र को सुरक्षित रखते हैं जवान'

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो) भाजपा ने सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ मनाई। पार्टी की ओर से शनिवार को दिल्ली के 11 स्थानों पर पराक्रम दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इन कार्यक्रमों में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।

राष्ट्र को सुरक्षित रखते हैं जवान 
मुख्य समारोह प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि जवान अपने प्राणों की आहुति देकर भी राष्ट्र को सुरक्षित रखते हैं। भारतीय सेना की बहादुरी एवं पराक्रम की जानकारी देने के लिए पूरे देश में प्रदर्शनी लगाई जा रही है।

मना रहे हैं सैनिकों के पराक्रम का पर्व 
तिवारी ने कहा कि आज से दो साल पहले देश के सैनिकों ने जो पराक्रम दिखाया, उसका हम पर्व मना रहे हैं। देश के सैनिकों का सम्मान करना हमारा सौभाग्य है। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा, सांसद मीनाक्षी लेखी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री रविंद्र गुप्ता, राजेश भाटिया, उपाध्यक्ष योगिता सिंह सहित अन्य नेता मौजूद थे।

सेना को दी गई स्वतंत्रता का परिणाम है सर्जिकल स्ट्राइक
रानीबाग में केशवपुरम जिला अध्यक्ष रोशन कंसल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 2016 में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ हुई सफल सर्जिकल स्ट्राइक हमारी सेना के पराक्रम की पराकाष्ठा है। यह नरेंद्र मोदी सरकार की सेना को दी गई स्वतंत्रता का परिणाम है।

सेना को स्वतंत्र कार्रवाई की छूट मिली

लाल किला पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से आतिफ रशीद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बार नकवी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से भारत का प्रत्येक नागरिक उत्साहित है। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार मोदी के नेतृत्व में सेना को स्वतंत्र कार्रवाई करने की खुली छूट मिली है।

यहां भी मनाया गया सर्जिकल स्ट्राइक दिवस 
केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने झिलमिल में और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रभारी श्याम जाजू ने बाहरी दिल्ली जिला के पश्चिम विहार में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सांसद रमेश बिधूड़ी मोलड़बंद में, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जयप्रकाश सदर बाजार में, सांसद महेश गिरी एवं प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल मयूर विहार में, दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता रोहिणी में और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय कैलाशपुरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।