दिल्ली में भाजपा जिला अध्यक्ष बनने से वंचित रहे नेता बनेंगे महामंत्री, जल्द घोषित होगी टीम
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का कहना है कि सभी जिलों में कार्यकारिणी का गठन जल्द करने की कोशिश है। जमीन पर काम करने वाले नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। 30 मंडल अध्यक्षों की सूची को भी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
By Mangal YadavEdited By: Updated: Wed, 04 Nov 2020 07:39 AM (IST)
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा संगठनात्मक जिलों की टीम अगले कुछ दिनों में घोषित हो सकती है। अधिकांश पदाधिकारियों के नाम लगभग तय हो गए हैं। खास बात यह है कि जिला अध्यक्ष बनने से वंचित रह गए मजबूत दावेदारों को भी टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी। इसके साथ ही महिलाओं व अनुसूचित जाति के नेताओं को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा जिससे कि जमीन पर सभी वर्गों को पार्टी के साथ जोड़ने में आसानी हो।
भाजपा ने सभी 14 संगठनात्मक जिलों के साथ ही 280 में से 250 मंडल अध्यक्षों की घोषणा अगस्त में ही कर दी थी। लेकिन जिलों की पूरी टीम का अबतक इंतजार है। इसी तरह से शेष रह गए 30 मंडल अध्यक्षों के नाम भी आजतक घोषित नहीं हो सके हैं। कार्यकर्ताओं का यह इंतजार जल्द खत्म होने की उम्मीद है। सभी जिला अध्यक्षों को अपनी टीम के संभावित पदाधिकारियों के नाम 25 अक्टूबर तक जमा कराने को कहा गया था। प्रदेश अध्यक्ष के पास दावेदारों की सूची भी पहुंच गई है। अब प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और संबंधित जिला अध्यक्ष बैठक करके इसे अंतिम रूप देंगे।
जिला अध्यक्षों के नाम तय करने के लिए भाजपा नेतृत्व ने रायशुमारी कराई थी। इसके लिए जिलों में गए पर्यवेक्षक स्थानीय नेताओं के साथ बात करके दावेदारों की सूची प्रदेश नेतृत्व को दी थी। दावेदारों की सूची में दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाले नेताओं को महामंत्री या उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी जिससे कि उनके अनुभव व क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता का लाभ पार्टी को मिल सके। मंडलों की कार्यकारिणी में भी यह फार्मूला अपनाया गया है।
प्रत्येक जिले में 15 पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे जिनमें से चार पद महिलाओं को व एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इसी तरह से 50 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी में भी 15 महिलाएं होंगी। भाजपा नेताओं का कहना है कि किसी भी जिला की कमान महिला नेता को नहीं मिली है, इसलिए इन्हें भी महत्वपूर्ण पद देने की कोशिश हो रही है। उम्मीद है कि इसी सप्ताह सभी मंडल अध्यक्षों के नाम तय कर लिए जाएंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का भी कहना है कि सभी जिलों में कार्यकारिणी का गठन जल्द करने की कोशिश है। जमीन पर काम करने वाले नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। 30 मंडल अध्यक्षों की सूची को भी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।