Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, भाजपा ने जंतर-मंतर पर जलाया पुतला

प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्णी को लेकर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राहुल गाँधी के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने पूरे देश के गरीबों और पिछड़ों का अपमान किया है इसलिए वह सभी देशवासियों से माफी मांगें। मल्लिकार्जुन खरगे को चाहिए वह उनके स्वास्थ्य की जांच कराएं।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Fri, 09 Feb 2024 09:17 PM (IST)
Hero Image
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जाति को लेकर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने उनका पुतला दहन किया और विवादस्पद टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की।

पीएम मोदी का पूरा विश्व सम्मान करता है- बिधूड़ी

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आज पूरा विश्व सम्मान करता है। उन्हें किसी जाति या वर्ग से संबद्ध होने के कारण नहीं बल्कि पूरे विश्व में भारत का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाने के लिए जाना जाता है। बड़े देश भी मोदी के प्रभाव को स्वीकार करते हैं और हर महत्वपूर्ण मामले में उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा करते हैं।

भाजपा ने राहुल गांधी से माफी की मांग की

ऐसे में राहुल गांधी की टिप्पणी उनकी नीची सोच और मानसिकता को ही प्रकट करती है। उन्होंने पूरे देश के गरीबों और पिछड़ों का अपमान किया है, इसलिए वह सभी देशवासियों से माफी मांगें। मल्लिकार्जुन खरगे को चाहिए वह उनके स्वास्थ्य की जांच कराएं। प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि राहुल गांधी के माफी मांगने तक दिल्ली के सभी जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा। ओबीसी समाज प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।

सांसद और तेली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास तडस और दिल्ली प्रदेश साहू राठौर महासभा के अध्यक्ष एस राहुल ने भी राहुल गांधी के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता का यह कहना कि मोदी जन्म से ओबीसी नहीं थे, उन्हें गुजरात की भाजपा सरकार ने ओबीसी बनाया है, बिल्कुल गलत है।