Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Politics: दिल्ली के बाजारों की बदहाली पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा, दिया अल्टीमेटम

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने चिंता जताते हुए कहा है कि गत 100 वर्ष से अधिक से दिल्ली देश का सबसे बड़ा थोक वितरण केन्द्र है। दिल्ली के थोक व्यपार केन्द्रों से आगे बढ़ अब दिल्ली के बड़े खुदरा बाजारों करोलबाग कमला नगर लाजपत नगर दिल्ली कैंट विकास मार्ग कृष्णा नगर आदि में भी दुर्दशा बढ़ती जा रही है।

By Nimish Hemant Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Tue, 20 Feb 2024 12:47 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली के बाजारों की बदहाली पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा, दिया अल्टीमेटम

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के थोक के साथ खुदरा बाजारों की घेराबंदी पर विपक्षी दल भाजपा ने दिल्ली की आप सरकार को निशाने पर लिया है। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने चिंता जताते हुए कहा है कि गत 100 वर्ष से अधिक से दिल्ली देश का सबसे बड़ा थोक वितरण केन्द्र है।

दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट और तुर्कमान गेट से सदर बाजार, ईदगाह, पहाड़गंज तक फैली पुरानी दिल्ली में हर उत्पाद की थोक मंडी स्थित है, जहां के व्यापारियों की तीन पीढ़ियों ने दिल्ली को ना सिर्फ व्यपार का विश्व केंद्र बनाया है बल्कि जन सेवा में भी बड़े मकाम स्थापित किये हैं।

पुरानी दिल्ली में नहीं हुआ सुधार काम

देश में कहीं भी कोई बाढ़ या तूफान या भूकंप त्रासदी हो पुरानी दिल्ली के अनाज, कपड़ा, टैंट या अन्य व्यपारी संगठन सहयोग में सबसे आगे रहे हैं। पर खेदपूर्ण है कि गत 75 साल से सरकारें आती जाती हैं पर पुरानी दिल्ली के व्यापारिक स्वरूप को स्वीकार कर इसमें व्यापारिक नागरिक सुधार के लिए किसी भी सरकार ने काम नहीं किया।

पहले, कांग्रेस और आज आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने खरबों रुपये का राजस्व देने वाली पुरानी दिल्ली के बाजारों को जानबूझकर अवैध बताया, ताकि व्यापारियों से चुनाव के समय चंदे की लूट खसोट भी की जा सके। उन्होंने ने आरोप लगाते हुए कहा कि आज पूरी पुरानी दिल्ली की मंडियों में बिजली एवं इंटरनेट तारों का खतरनाक मकड़जाल है। सार्वजनिक शौचालय की भारी कमी है। जो हैं, वह गंदे हैं और गलियां टूटी है तो स्ट्रीट लाइट की कमी चोरी की संभावनाएं बढ़ाती हैं।

इसी तरह ई रिक्शा ने शहर में चलना दूभर कर दिया है तो व्यपारिक क्षेत्र में लोडिंग अनलोडिंग प्रतिबंध व्यापार विरोधी हैं। दिल्ली के थोक व्यपार केन्द्रों से आगे बढ़ अब दिल्ली के बड़े खुदरा बाजारों करोलबाग, कमला नगर, लाजपत नगर, दिल्ली कैंट, विकास मार्ग, कृष्णा नगर आदि में भी दुर्दशा बढ़ती जा रही है।

दिल्ली के व्यापारियों में रोष

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि दिल्ली के व्यापारियों में रोष व्याप्त है और दिल्ली सरकार को खरबों रुपये का राजस्व देने वाले व्यपारी अब चाहते हैं कि व्यापारिक क्षेत्रों का समग्र विकास हो और 31 दिसम्बर 2024 तक कम से कम मौलिक सुविधाएं मिलें अन्यथा आम आदमी पार्टी को इसके दुष्परिणाम भोगने होंगे।