Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'हिन्दू राष्ट्र के नाम पर बना रहे अडानी राष्ट्र', कन्हैया कुमार ने भाजपा पर कसा तंज

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा पर हिंदू राष्ट्र के नाम पर अडानी राष्ट्र बनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वोट हिंदू राष्ट्र बनाने के नाम पर लिया था लेकिन वह अडानी राष्ट्र बनाने में लगी है। बता दें हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। सचिन पायलट ने भी केंद्र पर कई आरोप लगाए।

By sanjeev Gupta Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Thu, 22 Aug 2024 02:26 PM (IST)
Hero Image
Delhi News: कन्हैया कुमार ने भाजपा पर किया हमला। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों के कारण लगातार कटघरे में है। कांग्रेस के विरोध की वजह से उसे संसद में भी अपने अनेकानेक बिल वापस लेने पड़े हैं।

जनता के प्रति भी सरकार की जवाबदेही-पायलट

पायलट (Sachin Pilot) ने कहा कि अब सरकार हिंडनबर्ग रिपोर्ट (Hindenburg Report) की जांच को लेकर फंस रही है। सुप्रीम कोर्ट की आपत्ति के बावजूद सरकार ने इसकी जांच के नाम पर चुप्पी साधी हुई है। लेकिन देश में लोकतंत्र है, यहां जनता के प्रति भी सरकार की जवाबदेही है।

कन्हैया कुमार ने भाजपा पर बोला हमला

पायलट जंतर-मंतर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश स्तरीय लगभग सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। पार्टी के नेता कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) ने कहा कि भाजपा सरकार ने वोट लिया हिन्दू राष्ट्र बनाने के नाम पर जबकि इसे बनाने में लगी है अडानी राष्ट्र।

एक एक करके सभी संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर यहां तानाशाही लाने की साजिश हो रही है। सवाल यह है कि अगर कोई चोरी हुई ही नहीं है तो सरकार हिंडनबर्ग रिपोर्ट की जेपीसी जांच करवाने में पीछे क्यों हट रही है?

प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार आज जो भी नीति लाती है, वो गरीबों के लिए नहीं बल्कि अमीरों और पीएम के पूंजीपतियों मित्रों के लिए होती है। केंद्र सरकार देश की सभी सरकारी कंपनियों को कमजोर कर निजी कंपनियों को बढ़ावा दे रही है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट भी इसकी पुष्टि कर रही है।

प्रदर्शन को पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, वरिष्ठ नेता अभिषेक दत्त, पूर्व मंत्री हारून यूसुफ, मंगतराम सिंघल, मनीष चतरथ सहित और अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

यह भी पढ़ें: Mohalla Bus Route: दिल्ली में किन रूटों पर चलेंगी मोहल्ला बसें? कैलाश गहलोत ने विधायकों से मांगी राय

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें