Move to Jagran APP

6 अप्रैल को केसरिया रंग में रंगी नजर आएगी दिल्ली, मकानों पर लहराया BJP का झंडा

जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा के सत्ता के शिखर तक पहुंचने के सफर की कहानी आम जनता को बताने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।

By JP YadavEdited By: Updated: Tue, 27 Mar 2018 10:33 AM (IST)
Hero Image
6 अप्रैल को केसरिया रंग में रंगी नजर आएगी दिल्ली, मकानों पर लहराया BJP का झंडा

नई दिल्ली (संतोष कुमार सिंह)। इस बार छह अप्रैल को दिल्ली केसरिया रंग में लिपटी नजर आएगी। मकानों के ऊपर भाजपा का झंडा लहराएगा तो पार्टी के रंग में रंगे कार्यकर्ता गलियों में ढोल-नगाड़े के साथ पार्टी की स्थापना दिवस का जश्न मनाएंगे। इस बार छह अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की है। इससे पार्टी अपने पक्ष में माहौल बनाते हुए कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में ले जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है।

भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट गई है और इसके लिए सांसदों, विधायकों, पार्षदों और पार्टी के पदाधिकारियों को लोगों के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताने को कहा गया है। इसे ध्यान में रखकर पार्टी की ओर से कई तरह के भी हो रहे हैं। ऐसे में पार्टी का स्थापना दिवस भी एक बड़ा मौका है और इसे पार्टी पूरी तरह भुनाने की जुगत में है।

दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर पार्टी के नए कार्यालय में स्थापना दिवस समारोह आयोजित होगा तो वहीं दिल्ली के प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम किए जाएंगे। खास बात कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारियों को अपने घरों पर विशेष रूप से उस दिन पार्टी का ध्वज लगाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा प्रत्येक बूथ क्षेत्र में कम से कम 25 घरों को भाजपा ध्वज से सजाने का लक्ष्य भी रखा गया है। दिल्ली में साढ़े 13 हजार से ज्यादा बूथ हैं।

इसके साथ ही प्रत्येक मंडल में कार्यक्रम आयोजित कर वहां रहने वाले जनसंघ और भाजपा के पुराने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा के सत्ता के शिखर तक पहुंचने के सफर की कहानी आम जनता को बताने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। लोगों को बताया जाएगा कि किस तरह से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और बलिदान से आज भाजपा यहां तक पहुंची है।

विभिन्न इलाकों में बाइक रैली और पदयात्र निकालने की भी योजना है। लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियां और जनकल्याण की योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस से पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार होगा और इसका लाभ लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मिलेगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।