खुशखबरी! दिल्ली में इन महिलाओं को भाजपा कराने जा रही है 'मुफ्त तीर्थ यात्रा', पढ़ें डिटेल
दिल्ली में भाजपा अनुसूचित वर्ग की महिलाओं को निश्शुल्क तीर्थ यात्रा ( Free Pilgrimage) कराने जा रही है। राजधानी में अजा के मतदाताओं की आबादी लगभग 15 फीसदी के करीब है। लोकसभा चुनाव में इस वर्ग के लोगों का पीएम मोदी के साथ समर्थन देखा गया। आने वाले समय में और भी कई अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। बता दें दिल्ली में अगले साल विधानसभा के चुनाव भी होने हैं।
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में सभी सात सीटें जीतने के बाद भाजपा अब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। दिल्ली की सत्ता प्राप्त करने के लिए भाजपा को सभी वर्गों का समर्थन चाहिए। परंतु, अनुसूचित जाति के बीच कमजोर पकड़ पार्टी के लिए चिंता का विषय है। इसे ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की जा रही है।
आने वाले दिनों में और भी होंगे कई अन्य कार्यक्रम
इनके साथ भावनात्मक रूप से जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास हो रहा है। इसके लिए इस वर्ग की महिलाओं के लिए निश्शुल्क तीर्थ यात्रा कराने का निर्णय लिया गया है। आने वाले दिनों में कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा को इस वर्ग का समर्थन मिल जाता है, परंतु विधानसभा और नगर निगम चुनावों में निराशा हाथ लगती है।
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी मिला अच्छा समर्थन
इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा (Delhi BJP) ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 12 विधानसभा क्षेत्रों में से नौ में बढ़त बनाई थी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इस वर्ग का इन क्षेत्रों में अच्छा समर्थन मिला था, परंतु उसके बाद वर्ष 2020 में हुए विधानसभा चुनाव व उसके बाद वर्ष 2022 में हुए निगम चुनाव में पार्टी को निराशा हाथ लगी थी।
पिछले दो विधानसभा चुनाव से पार्टी एक भी आरक्षित सीट नहीं जीत सकी है। पहले की तुलना में निगम में भी इसके अनुसूचित जाति से संबंधित पार्षदों की संख्या बहुत कम हो गई है। 2017 के निगम चुनाव में इसे आरक्षित 46 वार्डों में से 21 में जीत मिली थी। 2022 में यह कम होकर छह (अब 42 आरक्षित वार्ड हैं) तक सिमट गई।
दिल्ली में इस वर्ग के मतदाताओं की संख्या लगभग 15 फीसदी
पार्टी को उम्मीद है कि इस बार स्थिति बदलेगी। नेताओं का कहना है कि इस लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ी थीं, उसके बाद भी नौ आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनने से स्पष्ट है कि नरेन्द्र मोदी सरकार की जनकल्याण की नीतियों से इस वर्ग का जुड़ाव भाजपा के साथ बढ़ा है।
दिल्ली में अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या लगभग 15 प्रतिशत है। इनका समर्थन पार्टी को सत्ता तक पहुंचा सकता है। इसके लिए बूथ स्तर पर काम करने की जरूरत है। इसी कड़ी में महिलाओं के लिए तीर्थ यात्रा की शुरुआत पार्टी द्वारा की जा रही है। मादीपुर विधानसभा क्षेत्र से शनिवार को पहला जत्था वृंदावन जाएगा।
आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में भाजपा को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कोंडली, त्रिलोकपुरी, गोकलपुरी, देवली, मादीपुर, पटेल नगर,करोलबाग, मंगोलपुरी, बवाना और नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली। सीमापुरी, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।