Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Crime: मुफ्त का खाना खाने पर युवक को किया जमकर जलील, गुस्साए शख्स ने पत्थरों से कूचकर ले ली जान

दिल्ली के रणहौला इलाके में एक युवक की ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने समारोह में अपमानित किए जाने का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया था। इस कारण उसके मन में उस शख्स के प्रति गुस्सा भर गया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

By Sonu Rana Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 06 Sep 2024 08:26 PM (IST)
Hero Image
अपमान का बदला लेने के लिए शख्स की ईंट और पत्थरों से कूचकर हत्या।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। रणहौला थाना इलाके में समारोह के दौरान अपमानित किए जाने का बदला लेने के लिए बृहस्पतिवार देर रात को विकास नगर में एक युवक दूसरे युवक पर तब तक ईंट, पत्थरों से वार करता रहा, जब तक उसकी मौत न हो गई।

युवक की पहचान विकास नगर के प्रमोद उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने ईंटों से हमला करने वाले शिव विहार जेजे कालोनी के सुरेश उर्फ मदन चिकना को गिरफ्तार कर लिया है।

रणहौला पुलिस को घायल आदमी की सूचना मिली

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब ढाई बजे रणहौला थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि विकास नगर इलाके में एक आदमी घायल पड़ा है। पुलिस कर्मी विकास नगर में स्टार शाइन पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे। वहां पर काफी खून पड़ा था। ईंटें, पत्थर और टूटे हुए ब्लॉक भी बिखरे हुए थे। इस दौरान पता लगा कि घायल को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया है।

क्राइम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया

क्राइम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। जब पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि प्रमोद की मौत हो चुकी है। प्रमोद के शव पर चोट के निशान थे और मिट्टी और बजरी भी लगी हुई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरेश को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपित सुरेश ने बताया कि वह प्रमोद को जानता था। बृहस्पतिवार रात को वह मुफ्त की शराब और खाना खाने के लिए शिव विहार के एक समारोह में गया था। आयोजकों ने उसे कार्यक्रम से बाहर निकाल दिया। इस दौरान सबसे ज्यादा प्रमोद ही उस पर भड़का हुआ था। उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया।

गुस्सा होकर सुरेश ने ईंटों से जमकर किया वार

इसके बाद आरोपित शिव विहार स्थित त्यागी डेयरी के पास प्रमोद का इंतजार करने लगा। जब प्रमोद आया तो उसने सुरेश को और अपमानित किया। इसके बाद सुरेश गुस्से से आग बबूला हो गया। वह उस पर ईंटों से वार करने लगा।

प्रमोद जब अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश करने लगा तो आरोपित ने उसका पीछा कर उसे पकड़ा और उस पर तब तक ईंटों, पत्थरों से हमला किया जब तक वह मर नहीं गया।इसके बाद वह मौके से भाग गया।सुरेश कोई काम नहीं करता है।उसके माता-पिता सब्जी बेचते हैं तो वह कभी कभी उनकी मदद कर देता है।

यह भी पढ़ेंः Delhi Pollution: दिल्ली में बीते आठ महीने में 160 दिन मिली दिल्लीवासियों को साफ हवा, AQI में आया सुधार