Move to Jagran APP

सीलिंग के खिलाफ रामलीला मैदान में ताकत दिखाएंगे व्यापारी, बैठकों का दौर जारी

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के सभी 3000 में से 70 फीसद व्यापारी संगठनों ने महारैली और बंद में शामिल होने की घोषणा की है।

By Amit MishraEdited By: Updated: Mon, 26 Mar 2018 03:05 PM (IST)
Hero Image
सीलिंग के खिलाफ रामलीला मैदान में ताकत दिखाएंगे व्यापारी, बैठकों का दौर जारी

नई दिल्ली [जेएनएन]। सीलिंग के खिलाफ 28 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली और दिल्ली बाजार बंद के सहारे व्यापारी अपनी ताकत दिखाने की कोशिश में है। इसके लिए आंदोलन स्थल पर डेढ़ लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। व्यापारियों और दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा उनके परिवार के सदस्य भी रैली में शामिल होंगे।

बैठकों का दौर जारी 

रैली को सफल बनाने को लेकर बाजारों में जनजागरण अभियान के साथ बैठकों का दौर जारी है। रविवार को इसको लेकर कांस्टीट्यूशन क्लब में ऑल दिल्ली ट्रेडर्स व्यापारी एंड वर्कर्स एसोसिएशन (एडीटीवीवीए) व कंफेडेरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बैनर तले व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें दिल्ली के कारोबारी संगठनों के 100 से अधिक पदाधिकारी शामिल हुए।

व्यापारियों को एकजुट किया जा रहा है

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के सभी 3000 में से 70 फीसद व्यापारी संगठनों ने महारैली और बंद में शामिल होने की घोषणा की है। उम्मीद है कि 27 मार्च तक सभी आगे आ जाएंगे, व्यापारियों के सामने करो या मरो की स्थिति है। एडीटीवीवीए के संयोजक विनोद पटेल ने कहा कि यह आंदोलन दिल्ली के व्यापारियों के लिए अहम है, चार माह से चल रही सीलिंग के बीच व्यापारियों के आंदोलनों का सरकार पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। ऐसे में प्रयास है कि व्यापारी एकजुट होकर सरकार को अपनी ताकत दिखाएं, जिससे सरकार को राहत देने के लिए आगे आना पड़े। व्यापारियों को जागरूक करने के लिए बाजारों में जनजागरण अभियान चल रहा है। 25 ई-रिक्शा बाजारों में घूम रहे हैं। वहीं, बैनर पोस्टर व बैठकों के अलावा सोशल मीडिया व सोशल मैसेंजर के माध्यम से भी व्यापारियों को एकजुट किया जा रहा है।

पछताने के अलावा कुछ और हाथ नहीं लगेगा

कारोबारी नेता विनोद भसीन ने कहा कि बाजार बंद कर व्यापारियों को घर बैठने या घूमने की जगह रैली स्थल पर आना होगा, अन्यथा बाद में पछताने के अलावा कुछ और हाथ नहीं लगेगा। बैठक में करोलबाग के कारोबारी नेता मनोहर लाल, रामलाल के अलावा लक्ष्मी नगर, मंडावली, साउथ एक्स, छतरपुर, पंजाबी बाग, महरौली समेत अन्य बाजारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सीलिंग पर पड़ सकता है अन्ना आंदोलन का असर, जानें- क्या है कारण

पुरानी दिल्ली के बाजारों की भागीदारी पर जोर

रैली में पुरानी दिल्ली के बाजारों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है, क्योंकि रैली स्थल पुरानी दिल्ली से सटा हुआ है। ऐसे में रैली की आयोजन कमेटी से आग्रह करते हुए दिल्ली किराना कमेटी खारी बावली के अध्यक्ष विजय गुप्ता व दिल्ली होटल महासंघ के महामंत्री अरुण गुप्ता ने कहा कि पुरानी दिल्ली के व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, तभी रामलीला मैदान में व्यापारी संख्याबल में अधिक दिखेंगे। मॉनिटरिंग कमेटी द्वारा पुरानी दिल्ली में सीलिंग न करने की घोषणा के बाद से अलसाए पुरानी दिल्ली के व्यापारियों को आंदोलन के लिए जगाना होगा। 

यह भी पढ़ें: सीलिंग पर पड़ सकता है अन्ना आंदोलन का असर, जानें- क्या है कारण

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।