गंगनगर में गिरी अनियंत्रित कार, पांच लोगों के डूबने की आशंका
मोदीनगर कांवड़ पटरी मार्ग में एक बड़ी घटना की सूचना मिल रही है। एक अनियंत्रित कार गंगनगर में गिर गई है।
गाजियाबाद, मुरादनगर, जेएनएन। मोदीनगर कांवड़ पटरी मार्ग में एक बड़ी घटना की सूचना मिल रही है। एक अनियंत्रित कार गंगनगर में गिर गई है। इस हादसे में पांच लोग नहर में डूब गए हैं। कार के नहर में गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई।
राहत कार्य में जुटे स्थानीय लोग
स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए हैं। पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार इस कार में पांच लोग सवार बताए जा रहे। कार सवार सभी लोग गंगनहर में डूब गए हैं।
साइकिल सवार को रौंदा
कार ने साइकिल सवार को भी रौंद दिया जिसमें सौंदा के विजय की मौत हो गयी। क्रेन की मदद से कार को निकाला गया है। यह घटना बुधवार सुबह की है। बचाव कार्य के दौरान कार से एक पर्स भी मिला है। इसमें पीयूष जैन का आधार कार्ड मिला है।
कार मुरादनगर से मेरठ जा रही थी
यह हादसा तब हुआ जब कार मुरादनगर की तरफ से मेरठ की तरफ जा रही थी। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कार सवार लोग कहां के रहने वाले थे। कार में एक शख्स का ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। इस पर दीपक शर्मा का नाम लिखा है। वहीं कार में एक बच्चे का कपड़ा और महिला का पर्स भी मिला है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस कार में एक फैमिली हो सकती है।