Move to Jagran APP

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष समेत कई अन्य नेताओं पर मामला दर्ज, AAP विधायक राघव चड्ढा ने दी थी शिकायत

भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं के खिलाफ सेक्शन 188 के तहत ही मामला दर्ज किया है।

By JP YadavEdited By: Updated: Sat, 26 Dec 2020 08:15 AM (IST)
Hero Image
राघव चड्ढा ने पुलिस को 10 पेज की शिकायत दी है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चढ्डा ने शुक्रवार को देशबंधु गुप्ता रोड पुलिस थाने में भाजपा नेताओं व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के खिलाफ शिकायत दी है। इसमें आदेश गुप्ता, भाजपा नेता योगेंद्र चंदोलिया, रवि तंवर, विकास तंवर सहित अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ जल बोर्ड मुख्यालय में जबरन घुसकर कार्यालय में तोड़फोड़ करने, उपद्रव मचाने, मारपीट, सरकारी कामकाज में बाधा डालने, जानलेवा हमला, धमकी देने, हत्या का प्रयास सहित भारतीय दंड संहिता की 15 धाराओं में कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं के खिलाफ सेक्शन 188 के तहत ही मामला दर्ज किया है।

राघव चड्ढा ने पुलिस को 10 पेज की शिकायत दी है। इसमें आरोप है कि भाजपा नेता 200 से 250 लोगों की भीड़ के साथ गैरकानूनी तरीके से जल बोर्ड मुख्यालय तोड़कर दफ्तर में घुस गए। इस दौरान उन्होंने जल बोर्ड के सुरक्षा गार्डो से मारपीट की। रिसेप्सशन एरिया से लेकर उपाध्यक्ष कार्यालय तक के तमाम दरवाजे, खिड़कियां, शीशे, गमले इत्यादि को तोड़फोड़ कर तहस नहस कर दिया। इससे जल बोर्ड की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। इस घटना के दौरान दिल्ली पुलिस के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे मूकदर्शक बने रहे। इस बीच कार्यालय में दंगे जैसी स्थिति बन गई थी।

बताया जा रहा है कि जल बोर्ड की महिला कर्मचारी ने घटना वाले दिन बकायदा दोपहर 1:05 बजे पुलिस पीसीआर को काल कर पूरे घटना की जानकारी दी है। खौफ के कारण उस समय महिला व अन्य कर्मचारियों ने खुद को जल बोर्ड के अध्यक्ष के दफ्तर में बंद कर लिया था और गेट के पास सोफा लगा दिया था, ताकि कोई अंदर प्रवेश न करने पाए।

इस घटना से जल बोर्ड के अनेकों कर्मचारियों की जिंदगी खतरे में पड़ गई थी। घटना के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व राघव चड्ढा के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इसके अलावा चड्ढा को चेतावनी दी कि वह मुख्यमंत्री को समझा दें कि किसानों के हितों के बारे में ज्यादा न बोलें। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कृषि कानूनों के मामले पर किसानों का समर्थन करने के कारण उन पर यह हमला किया गया।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।