CBSE Result 2024: 10वीं-12वीं की टॉप टेन रैंकिंग में दिल्ली ने बनाई जगह, दोनों कक्षाओं का पास प्रतिशत भी बढ़ा
सीबीएसई के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे विद्यार्थियों ने आखिरकार परिणाम जारी होते ही चैन की सांस ली। बोर्ड ने बीते वर्ष की तुलना में एक दिन की देरी से परिणाम जारी कर दिया। बीते वर्ष 12 मई को एक ही दिन दोनों कक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए थे। 12वीं का परिणाम सुबह लगभग साढे़ 11 बजे तो 10वीं का दोपहर डेढ़ बजे के आसपास जारी किया।
रीतिका मिश्रा, नई दिल्ली। CBSE Result 2024: सीबीएसई के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे विद्यार्थियों ने आखिरकार परिणाम जारी होते ही चैन की सांस ली। बोर्ड ने बीते वर्ष की तुलना में एक दिन की देरी से परिणाम जारी कर दिया। बीते वर्ष बोर्ड ने 12 मई को एक ही दिन दोनों कक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए थे। 12वीं का परिणाम सुबह लगभग साढे़ 11 बजे तो 10वीं का दोपहर डेढ़ बजे के आसपास जारी किया गया। परीक्षा परिणाम जारी होते ही विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। वो अपने सहपाठियों, दोस्तों और शिक्षकों से मिलने सीधे स्कूल पहुंच गए। स्कूलों ने भी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। इस बार के परिणाम में दिल्ली ने पास प्रतिशत के साथ-साथ रैंकिंग में भी सुधार किया है। दिल्ली ने 10वीं और 12वीं में रीजनवार परिणाम में टॉप टेन रैंकिंग में अपनी जगह बनाई है।
10वीं के रीजनवार परिणाम में पूर्वी दिल्ली की रैंकिंग सातवें तो पश्चिमी दिल्ली की रैंकिंग आठवें नंबर पर है। बीते वर्ष पश्चिमी दिल्ली की रैंकिंग 13वें तो पूर्वी दिल्ली की रैंकिंग 16वें नंबर पर थी।
वहीं, 12वीं के रीजनवार परिणाम में पश्चिमी दिल्ली की रैंकिंग पांचवें तो पूर्वी दिल्ली की रैंकिंग छठवें नंबर पर है। बीते वर्ष पश्चिमी दिल्ली चौथे तो पूर्वी दिल्ली छठवें नंबर पर थी। परिणामों को अगर देखें तो त्रिवेंद्रम हर बार की तरह इस बार भी 10वीं और 12वीं में अव्वल रहा, दूसरे नंबर पर विजयवाड़ा और चेन्नई तीसरे नंबर पर रहा।
12वीं में टॉप करने वाले रीजन का पास प्रतिशत
रैंक रीजन वर्ष 2023-24 वर्ष 2022-23 वर्ष 2021-22
1 त्रिवेंद्रम 99.91 99.91 98.83
दिल्ली की स्थिति
5 पश्चिमी दिल्ली 95.64 93.24 96.29
6 पूर्वी दिल्ली 94.51 91.50 96.29
10वीं में टॉप करने वाले रीजन का पास प्रतिशत
रैंक रीजन वर्ष 2023-24 वर्ष 2022-23 वर्ष 2021-22
1 त्रिवेंद्रम 99.91 99.68 -
दिल्ली की स्थिति
7 पूर्वी दिल्ली 94.45 88.30 86.96
8 पश्चिमी दिल्ली 94.18 90.67 85.94