Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CBSE Result 2024: 10वीं और 12वीं में बेटियों ने फिर छुआ आसमां, अगले वर्ष की परीक्षा तारीख भी घोषित

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। बीते वर्ष की तरह बोर्ड ने इस बार भी 10वीं और 12वीं का परिणाम एक ही दिन जारी किया है। हर बार की तरह इस बार भी दोनों कक्षाओं में बेटियों ने बाजी मारी है। 10वीं में कुल 2095467 और 12वीं में कुल 1426420 विद्यार्थी पास हुए हैं।

By Ritika Mishra Edited By: Geetarjun Updated: Mon, 13 May 2024 06:05 PM (IST)
Hero Image
10वीं और 12वीं में बेटियों ने फिर छुआ आसमां, अगले वर्ष की परीक्षा तारीख भी घोषित।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। CBSE 2024 Result: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। बीते वर्ष की तरह बोर्ड ने इस बार भी 10वीं और 12वीं का परिणाम एक ही दिन जारी किया है। हर बार की तरह इस बार भी दोनों कक्षाओं में बेटियों ने बाजी मारी है। 10वीं में कुल 20,95,467 और 12वीं में कुल 14,26,420 विद्यार्थी पास हुए हैं। इसमें 12वीं में 91.52 प्रतिशत बेटियां और 10वीं में 94.75 प्रतिशत बेटियां उत्तीर्ण हुई हैं।

इस बार त्रिवेंद्रम रीजन पहले नंबर पर, विजयवाड़ा दूसरे और चेन्नई तीसरे नंबर पर है। वहीं, 12वीं में दिल्ली पश्चिमी रीजन पांचवें नंबर पर, दिल्ली पूर्वी रीजन छठे नंबर पर है। वहीं, 10वीं में दिल्ली पूर्वी सातवें और दिल्ली पश्चिमी रीजन आठवें नंबर पर है।

हालांकि, बोर्ड ने इस वर्ष भी मेरिट सूची नहीं जारी की है। बोर्ड 0.1 प्रतिशत छात्रों को योग्यता प्रमाण पत्र जारी करेगा, जिन्होंने विषयों में उच्चतम अंक प्राप्त किए हैं। सभी परीक्षार्थियों के डिजिलॉकर खातों में मार्कशीट उपलब्ध करा दी है।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि सत्र 2024-25 की मुख्य परीक्षा 15, फरवरी 2025 से आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। वहीं, कंपार्टमेंट परीक्षाएं 15 जुलाई से होंगी।

बीते वर्ष से बढ़ा पास प्रतिशत

सीबीएसई के 10वीं-12वीं परिणाम भी बीते वर्ष से इस बार बढ़ोत्तरी देखी गई है। 12वीं के परिणाम में 0.65 प्रतिशत और 10वीं के परिणाम में 0.48 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है।

नरेन्द्र मोदी ने विद्यार्थियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विद्यार्थियों को एग्जाम वारियर्स कहते हुए परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुझे आपकी उपलब्धि और आपके अथक समर्पण पर बेहद गर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा जो मेधावी छात्र ये मानते हैं कि वे 12वीं की परीक्षा में और अधिक हासिल कर सकते थे वो ये याद रखें, यह आपकी यात्रा में सिर्फ एक मील का पत्थर है।

आपका भविष्य असीमित संभावनाओं से भरा है। उस पर ध्यान केंद्रित करें जो आपको उत्साहित और प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आपकी अद्वितीय प्रतिभाएं आपको सफलता और संतुष्टि की ओर ले जाएंगी। आगे बढ़ते रहो, पीछा करते रहो।

शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, जब आप सफलता को संजोते हैं और अपने परिश्रम के फल का आनंद लेते हैं, तो इस समय का उपयोग उच्च अध्ययन के लिए एक प्रभावी योजना बनाने में भी करें। उन्होंने कहा कि वो सभी के सुखी, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अपनी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं, वो निराश न हों। सभी में किसी भी चुनौती से पार पाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि आपके गौरव का क्षण दूर नहीं है।

12वीं - 87.98 रहा कुल पास प्रतिशत

91.52 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण, 85.12 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण, 50.00 प्रतिशत ट्रांसजेंडर उत्तीर्ण

10वीं - 93.60 रहा कुल पास प्रतिशत

94.75 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण, 92.71 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण, 91.30 प्रतिशत ट्रांसजेंडर उत्तीर्ण

देशभर में विद्यालयों का ऐसा रहा प्रदर्शन

संस्थान                                         10वीं                     12वीं

केंद्रीय विद्यालय                             99.09                    98.91

केंद्रीय तिब्बती स्कूल प्रशासन           94.40                    99.23

जवाहर नवोदय विद्यालय                  99.09                    98.90

सरकारी स्कूल                                86.72                    88.23

सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल            83.95                     91.42

निजी स्कूल                                    94.54                     87.70

(सभी आंकड़े प्रतिशत में)

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें