Move to Jagran APP

परीक्षा दे रही युवती पर गिरा चलता हुआ पंखा, सोशल मीडिया पर हुई दिल्ली सरकार किरकिरी

हॉल में परीक्षा दे रहीं भावना के ऊपर अचानक चलता हुआ पंखा गिर गया। हालांकि, भावना ने बचने की काफी कोशिश की, लेकिन उनके सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं हैं।

By Edited By: Updated: Mon, 03 Sep 2018 11:11 AM (IST)
Hero Image
परीक्षा दे रही युवती पर गिरा चलता हुआ पंखा, सोशल मीडिया पर हुई दिल्ली सरकार किरकिरी
नई दिल्ली (जेएनएन)। यमुना विहार स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में दिल्ली सरकार के क्रांतिकारी बदलाव के दावों को ध्वस्त कर दिया है। यहां सहायक शिक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा के दौरान रविवार को एक परिक्षार्थी के ऊपर चलता हुआ पंखा गिर गया। जख्मी हालत में परीक्षार्थी भावना (25) को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

पीड़िता ने भजनपुरा पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। पुलिस शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है। इस संबंध में स्कूल की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले भी इस स्कूल में पंखा गिर चुका है। जानकारी के मुताबिक, भावना डीडीए फ्लैट, बिंदापुर, उत्तम नगर में रहती हैं। उनका बी-2, यमुना विहार स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में परीक्षा केंद्र था।

यहां पर डीएसएसएसबी (दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड) की तरफ से अधिकारी परीक्षा कराने के लिए पहुंचे थे। सुबह साढ़े दस बजे परीक्षा शुरू हुई। करीब 11:30 बजे एक हॉल में परीक्षा दे रहीं भावना के ऊपर पंखा आ गिरा। भावना ने बचने की काफी कोशिश की लेकिन उनके सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इससे परीक्षा हॉल में अफरातफरी मच गई।

डीएसएसएसबी के अधिकारी फ‌र्स्ट एड बॉक्स (प्राथमिक उपचार) ढूंढ़ने लगे, लेकिन स्कूल में यह भी मौजूद था। कुछ परीक्षार्थी ही भावना को लेकर अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सोशल साइटों पर वायरल यह मामला शाम होते-होते सोशल नेटवर्किंग साइटों पर वायरल होने लगा।

लोग ट्विटर और फेसबुक पर इस घटना का जिक्र करते हुए सरकार की खिंचाई करने लगे। इसके साथ हरि नगर स्कूल की घटना का हवाला देते हुए सरकार से स्कूलों में सुरक्षा को लेकर सवाल किए जाने लगे। यहां तक कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने भी एक ट्वीट को रि-ट्वीट किया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।