Move to Jagran APP

आम आदमी पार्टी को दिल्ली में मिला नया ठिकाना, HC के आदेश के बाद केंद्र सरकार ने आवंटित किया दफ्तर

दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी (आप) को एक नया कार्यालय आवंटित किया है। दिल्ली की रविशंकर शुक्ला लेन में बंगला नंबर 1 अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के मुख्यालय का नया पता होगा। लंबे समय से आम आदमी पार्टी के मुख्यालय को लेकर विवाद चल रहा था। आप को टाइप-7 श्रेणी का यह बंगला अस्थायी कार्यालय के तौर पर दिया गया है।

By Abhishek Tiwari Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 25 Jul 2024 01:30 PM (IST)
Hero Image
रविशंकर शुक्ला लेन में होगा आम आदमी पार्टी का नया मुख्यालय। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने हाईकोर्ट के निर्देश पर नई दिल्ली क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को मुख्यालय के लिए नई जगह आवंटित की है। अब पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय का नया ठिकाना बंगला नंबर-1 रविशंकर शुक्ला लेन होगा। आने वाले दिनों में पार्टी की गतिविधियां यहीं से संचालित होगी। यह टाइप-7 श्रेणी का बंगला अस्थायी पार्टी कार्यालय के रूप में आप को दिया गया है।

आम आदमी पार्टी का वर्तमान मुख्यालय दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर स्थित है। यह पार्टी के गठन के बाद का चौथा कार्यालय है। आप के गठन के बाद इसका पहला दफ्तर पटेल नगर में खुला, जहां से 2013 में पहला चुनाव लड़े। इसके बाद हनुमान मंदिर रोड कनॉट प्लेस के अलावा कुछ समय के लिए नार्थ एवेन्यू में पंजाब के आप सांसद के बंगले से भी पार्टी का संचालन किया गया। 

डीडीयू मार्ग पर अस्थायी तौर पर प्रदेश कार्यालय

दिल्ली की सत्ता में आने के बाद उन्हें डीडीयू मार्ग पर अस्थायी तौर पर प्रदेश कार्यालय के लिए जगह दी गई है। वर्तमान में जिस जगह पार्टी मुख्यालय चल रहा है, वहां न्यायिक सेवा में तैनात लोगों के लिए आवासीय परिसर बना है। बीते साल राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद उन्हें दिल्ली में जगह देने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से दो विकल्प दिए गए। एक दक्षिणी दिल्ली और दूसरा सिविल लाइंस में। आम आदमी पार्टी ने दोनों जगह जाने से मना कर दिया। 

हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पार्टी मुख्यालय की मांग

इस दौरान पार्टी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करके मध्य दिल्ली में पार्टी मुख्यालय के लिए जगह की मांग की, जिस पर केंद्र सरकार ने जगह नहीं होने की बात कहकर इनकार कर दिया। हालांकि अब कोर्ट के निर्देश पर केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को अस्थायी तौर पर रविशंकर शुक्ला लेन के बंगला नंबर-1 में आम आदमी पार्टी के लिए जगह दे दी है। 

आप नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने पार्टी मुख्यालय के लिए नई जगह आवंटित किए जाने पर कहा कि अभी हमें इसके बारे में सिर्फ सूचना मिली है। आधिकारिक सूचना मिलने के बाद हम उस स्थान का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद तय करेंगे कि हमें आगे क्या करना है। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।