Move to Jagran APP

Delhi: सीएम आतिशी का BJP पर बड़ा हमला, कहा- भाजपा शासित राज्य दिल्ली में कर रहे हवा-पानी प्रदूषित

मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा की डीजल बसें आने से आनंद विहार में प्रदूषण बढ़ रहा है। आनंद विहार प्रदूषण के मामले में हॉटस्पॉट है क्योंकि यहां विभिन्न राज्यों से बसें आती हैं। एनसीईआरटीसी आरआरटीएस परियोजना का निर्माण भी कर रही है। पास में कौशांबी का बस अड्डा है वहां पर भी ज्यादातर बसें डीजल की हैं।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Mon, 21 Oct 2024 07:22 AM (IST)
Hero Image
हरियाणा में पराली जलाकर व यमुना में गंदा पानी छोड़ दिल्ली की हवा-पानी दूषित कर रही भाजपा

 राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के विरुद्ध प्रदूषण की समस्या से निपटने में विफल रहने के भाजपा के आरोपों के बीच आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। आप ने कहा है कि भाजपा शासित पड़ोसी राज्यों के कारण दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है।

आनंद विहार प्रदूषण के मामले में हॉटस्पॉट

रविवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय के साथ आनंद विहार में प्रदूषण की स्थिति देखने पहुंचीं मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा की डीजल बसें आने से आनंद विहार में प्रदूषण बढ़ रहा है। आनंद विहार प्रदूषण के मामले में हॉटस्पॉट है, क्योंकि यहां विभिन्न राज्यों से बसें आती हैं। एनसीईआरटीसी आरआरटीएस परियोजना का निर्माण भी कर रही है। पास में कौशांबी का बस अड्डा है, वहां पर भी ज्यादातर बसें डीजल की हैं।

मुख्यमंत्री ने यमुना की बदहाली के लिए भी भाजपा की हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।आतिशी ने कहा कि यमुना में झाग इसलिए बनता है क्योंकि हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्र 165 एमजीडी प्रदूषित पानी बादशाहपुर ड्रेन, मुंगेरपुर ड्रेन, डीडी-6 से यमुना में छोड़ते हैं। दूसरी तरफ़ भाजपा की ही उत्तर प्रदेश सरकार साहिबाबाद ड्रेन और इंद्रपुरी ड्रेन से 55 एमजीडी प्रदूषित पानी यमुना में छोड़ती है।

फैक्ट्रियों के प्रदूषित पानी छोड़े जाने से यमुना में झाग हो रहा

पार्टी मुख्यालय में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ आयोजित प्रेसवार्ता में आतिशी ने कहा कि यह साफ है कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश से यमुना में फैक्ट्रियों के प्रदूषित पानी छोड़े जाने से यमुना में झाग हो रहा है।आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लगातार दिल्ली के प्रदूषण को कम करने के लिए काम कर रही है, जबकि भाजपा प्रदूषण पर केवल राजनीति करना जानती है, काम नहीं।

आतिशी ने बताया कि केंद्र सरकार का डाटा खुद कहता है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रयासों से पराली जलने की घटनाएं आधी हो गई हैं, उधर भाजपा शासित हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पराली की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में एक भी ईंट भट्ठा नहीं है। भाजपा शासित हरियाणा व उत्तर प्रदेश के 3800 ईंट भट्ठों से दिल्ली में प्रदूषण हो रहा है।

यूपी के मंत्री ने कहा, आप देश के लिए राजनीतिक प्रदूषण

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद के विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश के लिए राजनीतिक प्रदूषण है। यह काम नहीं करते, प्रदूषण फैलाते हैं। पंजाब में पराली जलाने पर, दिल्ली के गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ पर, यमुना में हो रहे प्रदूषण पर बात नहीं करते। अपने यहां दिल्ली के आवारा कुत्तों को पकड़कर गाजियाबाद में छोड़ देते हैं। सुनील शर्मा ने कहा कि जब से दिल्ली में सरकार में आए हैं गाजियाबाद के लिए समस्या बने हुए हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।