Move to Jagran APP

मिशन 2019: भाजपा का कांग्रेस पर तंज, सत्ता के लालच में महागठबंधन नहीं महाठगबंधन कर रही

दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता व अन्य भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता करके कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।

By Edited By: Updated: Thu, 03 Jan 2019 09:38 AM (IST)
Hero Image
मिशन 2019: भाजपा का कांग्रेस पर तंज, सत्ता के लालच में महागठबंधन नहीं महाठगबंधन कर रही
नई दिल्ली, जेएनएन। सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले में सीबीआइ की विशेष अदालत द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दोषमुक्त करने के बाद पार्टी कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक तेवर अख्तियार कर रही है। दिल्ली प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस व पूर्व की मनमोहन सिंह सरकार पर शाह के खिलाफ सीबीआइ के जरिये षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। उसने सरकार से इस मामले की जांच कराने की मांग की है ताकि कांग्रेस का असली चेहरा देश के सामने आ सके।

दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता व अन्य भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता करके कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर तब के गुजरात के गृह राज्य मंत्री अमित शाह को एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत प्रताड़ित करने का दुस्साहस किया गया था। आज सच्चाई देश के सामने है।

एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस नेतृत्व के इशारे पर सीबीआइ ने उन्हें गिरफ्तार किया था। उन्हें जेल में डालने के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री) व गुजरात सरकार को बदनाम करने का प्रपंच रचा था।

आठ वर्षो तक शाह के साथ उनके परिवार को भी प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि सीबीआइ की विशेष अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि एक आतंकवादी के मारे जाने पर एक राज्य के गृहमंत्री को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा साजिश के तहत जेल में डाला गया था।

कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए किस तरह संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही थी इस बात को अदालत ने भी माना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2019 में सत्ता के लालच में महागठबंधन कर रही है जो कि असल मायने में महाठगबंधन है। केवल जनता को ठगने के लिए कुछ दल एकत्र हो रहे हैं।

जनता समझदार है और वह केवल विकास पुरुष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ देगी। प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बख्शी एवं प्रमुख अशोक गोयल देवराहा भी मौजूद थे।

दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।