Move to Jagran APP

Rahul Gandhi Birthday: जब राहुल गांधी ने राउल विंची बनकर पाई थी ये डिग्री, पढ़ें कांग्रेस सांसद के अनसुने किस्से

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी का आज जन्मदिन है। कांग्रेस नेता बुधवार को 54 साल के हुए। दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बहन प्रियंका गांधी और अन्य पार्टी के नेताओं के साथ अपना बर्थडे मनाया। ऐसे में आइये जानते हैं कि राहुल ने कहां से पढ़ाई की। एक दौर वो भी था। जब राहुल ने अपना नाम बदला।

By Jagran News Edited By: Monu Kumar Jha Published: Wed, 19 Jun 2024 04:19 PM (IST)Updated: Wed, 19 Jun 2024 04:56 PM (IST)
Rahul Gandhi Politics: पार्टी दफ्तर में राहुल गांधी ने मनाया अपना 54वां जन्मदिन।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राहुल गांधी भारतीय संसद के लोकसभा सदस्य हैं, जो 2024 में उत्तर प्रदेश के रायबरेली सीट से चुनकर आए हैं।  कांग्रेस नेता बुधवार को 54 साल के हो गए। दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य पार्टी के नेताओं के साथ अपना बर्थडे मनाया। बता दें पहले 2019 से 2024 तक केरल के वायनाड और 2004 से 2019 तक यूपी के अमेठी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

राहुल गांधी (Rahul Gandhi Ka Janamdin) ने दिसंबर 2017 से जुलाई 2019 तक कांग्रेस के पार्टी अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। ऐसे में राहुल गांधी के 54वें जन्मदिन पर जानिए उनके बारे में। उन्होंने कहां से पढ़ाई की, उनकी राजनीति में एंट्री कब हुई? एक समय ऐसा भी आया जब राहुल गांधी ने अपना नाम तक बदला।

नई दिल्ली के होली फैमिली हॉस्पिटल में हुआ राहुल का जन्म

कांग्रेस नेता (Congress) और पूर्व सांसद राहुल गांधी का जन्म नई दिल्ली के होली फैमिली हॉस्पिटल में 19 जून 1970 को हुआ था। अगर हम यह कहें कि राहुल गांधी एक राजनीतिक वंश के मुख्य उत्तराधिकारी हैं तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।

अब इनके परिवार के बारे में बात करें तो उनके परनाना, यानि स्वर्गीय और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) भारत के पहले और सबसे ज्यादा समय तक देश के पीएम रहे हैं। वहीं उनकी दादी इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और उनके पिता दिवंगत राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे हैं।

प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली के सेंट कोलंबस स्कूल से की प्राप्त

राहुल गांधी ने अपनी शुरुआती शिक्षा दिल्ली के सेंट कोलंबस स्कूल से हासिल की। इसके बाद वह देहरादून के प्रतिष्ठित द दून स्कूल चले गए। राहुल गांधी ने प्रतिष्ठित हार्वर्ड विश्वविद्यालय (Harward University) के रोलिंस कॉलेज, फ्लोरिडा (Rollins College Florida) से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद कांग्रेस नेता ने कैंब्रिज विश्वविद्यालय (Cambridge University) के ट्रिनिटी कॉलेज (Trinity College) से एम. फिल की डिग्री हासिल की।

राहुल गांधी ने नाम बदलकर की पढ़ाई पूरी

साल 1983 की बात है। जब पूर्व पीएम इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) की हत्या कर दी गयी थी। इस दौरान राहुल गांधी को अपनी पढ़ाई घर पर ही करनी पड़ी। इसके बाद प्रधानमंत्री बने राहुल के पिता राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) की भी हत्या हो गयी। इसलिए राहुल गांधी को सुरक्षा कारणों से अपना नाम बदलकर अपनी उच्च शिक्षा पूरी करनी पड़ी।

स्नातक के बाद राहुल ने करीब तीन साल तक लंदन के मॉनिटर ग्रुप के लिए काम किया। ये कंपनी मैनेजमेंट गुरु माइकल पोर्टर की ही सलाहकार संस्था थी। वहां भी वो सुरक्षा कारणों की वजह से राउल विंची के नाम से ही काम किया।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आखिर कब ली राजनीति में एंट्री?

साल 2004 में राहुल गांधी ने भारतीय राजनीति में कदम रखा। राहुल ने अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री और स्वर्गीय राजीव गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से चुनाव लड़कर शानदार जीत हासिल की। इस चुनाव में राहुल एक लाख से अधिक मतों से जीतकर लोकसभा पहुंचे। राहुल गांधी को 2017 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष का पद मिला।

इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा की उम्मीदवार स्मृति ईरानी से करारी हार मिली और ये हार सिर्फ राहुल गांधी की नहीं थी बल्कि पूरे देश में कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया। जिसके बाद हार की जिम्मेदार लेते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.