Move to Jagran APP

दीपावली पर पटाखा फोड़ते 230 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 54 हजार पैकेट जब्‍त

दिवाली की शाम से लेकर देर रात तक लोग जहां प्रतिबंधित पटाखे बेचते और छुड़ाते नजर आए वहीं राजधानी में पुलिस ने भी सख्ती दिखाई।

By Edited By: Updated: Mon, 28 Oct 2019 08:40 PM (IST)
Hero Image
दीपावली पर पटाखा फोड़ते 230 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 54 हजार पैकेट जब्‍त

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिवाली की शाम से लेकर देर रात तक लोग जहां प्रतिबंधित पटाखे बेचते और जलाते नजर आए, वहीं राजधानी में पुलिस ने भी सख्त दिखाई दी। दिवाली की रात राजधानी में प्रतिबंधित पटाखे जलाने और बेचने के मामले में 386 मामले दर्ज किए गए। 230 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सात हजार एक सौ किलो पटाखों को जब्त किया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित पटाखों के 54 हजार पैकेट भी पुलिस ने जब्त किए।

उत्‍तरी बाहरी दिल्‍ली से दो लोग पटाखा बेचते हुए गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी एसीपी अनिल मित्तल ने बताया कि उत्तरी बाहरी दिल्ली में पुलिस ने दो लोगों को प्रतिबंधित पटाखे बेचते हुए पकड़ा। इनमें पास से 54 हजार पैकेट पटाखे बरामद किए गए। जबकि 56 किलोग्राम से अधिक खुले पटाखे बरामद हुए।

उत्‍तर पूर्वी जिले में 2654 किलो पटाखे बरामद

इसके अलावा उत्तरी पूर्वी जिला पुलिस ने 2654 किलो पटाखे बरामद किए। प्रतिबंधित पटाखे कम छोड़ने के मामले नई दिल्ली में सामने आए। यहां सिर्फ एक मामला दर्ज हुआ। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 56 किलो 500 ग्राम पटाखे बरामद किए गए।

दिल्‍ली के द्वारका में हुई सबसे अधिक कार्रवाई

सबसे अधिक कार्रवाई द्वारका में की गई। यहां प्रतिबंधित पटाखों को छोड़ने और बेचने के 83 मामले दर्ज किए गए, हालांकि यहां से 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उत्तरी पूर्वी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। यहां 62 मामले दर्ज किए जाने के साथ 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

हर जिले में टीमों ने की कार्रवाई

एसीपी अनिल मित्तल ने बताया कि प्रतिबंधित पटाखों को बेचने और जलाने के प्रतिबंध को लागू कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने सभी जिलों में टीमों का गठन किया गया था। इसके अलावा चौकी प्रभारी और पीसीआर को भी तैनात किया गया था, जिससे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को सख्ती से लागू किया जा सके। जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ पुलिस के उच्च अधिकारी भी दिवाली की रात में गश्त पर रहे थे और पटाखा जलाने वालों और बेचने वालों पर नजर रखे हुए थे।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।