Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

DDA Bulldozer: पांच दिन लगातार चला डीडीए का बुलडोजर, 390 हेक्टेयर खादर क्षेत्र से हटाया अवैध कब्जा

डीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बीते कई वर्षों से यहां पर लोग डेरा जमाए हुए थे। कई बार कार्रवाई करने के बाद भी ये लोग अवैध रूप से यहां रहने लगते थे और खेती करते थे। इस वर्ष भी कई बार नोटिस देने के बावजूद इन्होंने खादर नहीं छोड़ा था। डीडीए ने यहां 18 जुलाई से 22 जुलाई तक कार्रवाई की।

By Nikhil Pathak Edited By: Sonu Suman Updated: Mon, 22 Jul 2024 07:58 PM (IST)
Hero Image
मयूर विहार के खादर क्षेत्र में पांच दिन लगातार कार्रवाई करते हुए 390 हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने मयूर विहार के नजदीक खादर क्षेत्र में पांच दिन लगातार कार्रवाई करते हुए 390 हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण हटा दिया है। कार्रवाई में अवैध कब्जे, झुग्गियों, मवेशियों के शेड, कृषि भूमि को ध्वस्त कर दिया है।

डीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बीते कई वर्षों से यहां पर लोग डेरा जमाए हुए थे। कई बार कार्रवाई करने के बाद भी ये लोग अवैध रूप से यहां रहने लगते थे और खेती करते थे। इस वर्ष भी कई बार नोटिस देने के बावजूद इन्होंने खादर नहीं छोड़ा था। फिर 18 जुलाई से 22 जुलाई तक कार्रवाई करते हुए खादर क्षेत्र से अवैध कब्जों को हटा दिया गया है।

खादर इलाके में अवैध तरीके से रह रहे लोग

मयूर विहार के नजदीक काफी हिस्से में खादर क्षेत्र फैला हुआ है। यहां पर लोग अवैध रूप से डेरा डालकर रहने लगे थे। उन्होंने अपने बच्चों का नजदीकी सरकारी स्कूल में दाखिला भी करा लिया था। साथ ही वे खेती और पौधों की नर्सरी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। कुछ लोग मवेशियों के सहारे घर खर्च चलाते थे।

अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर कब्जा करना उचित नहीं है। जगह खाली करने के लिए विभाग से कई बार नोटिस भी दिया गया था। उसके बावजूद यह लोग नहीं जाते थे। बीते पांच दिनों की लगातार कार्रवाई के बाद इन्होंने जगह खाली कर दी है।

इन सभी पर हुई कार्रवाई

- पांच दिन (18 जुलाई से 22 जुलाई तक) की कार्रवाई में कुल 390 हेक्टेयर क्षेत्र से हटाया अवैध कब्जा

- 6000 झुग्गियां ध्वस्त की गईं

- 200 मवेशी शेड तोड़े

- 40 बोरवेल ध्वस्त किए गए

- 20 अवैध नर्सरी को हटाया

- 390 हेक्टेयर में से 250 हेक्टेयर अवैध कृषि भूमि पर कार्रवाई की गई

- चार अवैध फार्म हाउस ध्वस्त किए

खादर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रियायत नहीं दी जाएगी। एनजीटी के आदेश और डीडीए की प्रतिबद्धता के अनुसार यमुना खादर को अतिक्रमण से मुक्त किया जाना चाहिए। खादर में मयूर नेचर पार्क बनाया जाना है। पार्क की भू-दृश्य योजना तैयार हो चुकी है। जल्द ही योजना के अनुसार पार्क बनाने का कार्य भी शुरू हो जाएगा। - मुकेश भाखड़, अधिशासी अभियंता, उद्यान सिविल डिवीजन-नौ

डीडीए की सिविल व उद्यान विभाग की टीम ने पांच दिनों में सभी अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया है। कार्रवाई के डर के कारण यहां रहने वाले लोग अब खादर क्षेत्र छोड़कर चले गए हैं। शेष हिस्से पर कुछ दिनों के बाद फिर से कार्रवाई की जाएगी। फिर से अतिक्रमण न हो सके, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। - एसआर बिश्नोई, सहायक निदेशक, उद्यान विभाग

यह भी पढ़ें- DDA Bulldozer: मयूर विहार खादर में चला DDA का बुलडोजर, 200 एकड़ भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त