दिल्ली में भाजपा विधायक दल के नेता पर फैसला आज संभव, पर्यवेक्षक ने ली विधायकों की राय
दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। भाजपा के आठ विधायक इस बार चुने गए हैं लेकिन अबतक विधायक दल के नेता का चुनाव नहीं हो सका है।
By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 23 Feb 2020 09:32 AM (IST)
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भाजपा विधायक दल का नेता चुनने की कवायद शुरू हो गई है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने महामंत्री सरोज पांडेय को इसके लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उन्होंने शनिवार शाम को भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। सामूहिक बैठक में सभी विधायकों ने कहा कि पार्टी हाई कमान का फैसला उन्हें मंजूर होगा।
वहीं, उन्होंने अलग से भी मुलाकात करके अपनी बात पर्यवेक्षक के सामने रखी। सांसदों की भी राय ली जा रही है। उम्मीद है कि रविवार को इस बारे में फैसला लिए जाने की उम्मीद है।विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू
चुनाव के बाद विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। भाजपा के आठ विधायक इस बार चुने गए हैं, लेकिन अबतक विधायक दल के नेता का चुनाव नहीं हो सका है। शनिवार शाम हुई बैठक में विधायक विजेंद्र गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट, रामबीर सिंह बिधूड़ी, ओमप्रकाश शर्मा, अभय वर्मा, जितेंद्र महाजन, अनिल वाजपेयी, अजय महावर के अलावा प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया भी शामिल हुए। पांडेय ने विधायकों से विधानसभा में दिल्ली के लोगों से जुड़े मुद्दे मजबूती के साथ उठाने की सलाह दी।
पार्टी हाई कमान पर छोड़ा फैसला
विधायक दल के नेता को लेकर विधायकों ने कहा कि पार्टी हाई कमान इस बारे में फैसला करे। सामूहिक बैठक के बाद वह प्रत्येक विधायकों के साथ अलग-अलग भी चर्चा की। इसके साथ ही सांसद रमेश बिधूड़ी, मीनाक्षी लेखी व हंसराज हंस से भी उन्होंने चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी दिल्ली से बाहर हैं। अन्य सांसदों से भी चर्चा नहीं हो सकी है। रविवार को इन सांसदों से चर्चा करने के बाद विधायकों की फिर से बैठक होने की उम्मीद है।
बता दें कि पिछली विधानसभा में विजेंद्र गुप्ता को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उन्होंने विधानसभा में मजबूती से भाजपा का पक्ष रखा था। इन विधायको में विजेंद्र गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट और ओमप्रकाश शर्मा सबसे वरिष्ठ नेता हैं। इस लिहाज से इनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।